– प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा में गुटबाजी को नकारा, बड़े चेहरे व्यस्तता से नहीं आये
झांसी। समाजवादी पार्टी के दूसरी बार झांसी जिलाध्यक्ष बने महेश कश्यप ने जहां प्रदेश की योगी सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए जम कर हमला बोला वहीं उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को कठघरे में खड़ा करते हुए गोरखपुर में निर्दोष व्यापारी की पुलिस द्वारा हत्या के मामले को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रदेश में गुंडाराज हावी है, जनता कराह रही है। सत्ता में बैठे लोग कोरे वादे कर जनता को गुमराह कर रहे हैं।

जिलाध्यक्ष ने एक होटल से रूबरू होते हुए कहा योगी सरकार में हर वर्ग परेशान हैं। गलत नीतियों से व्यापारी परेशान है। झांसी में एक ही दिन में चार हत्याएं इस बात का सबूत हैं कि सरकार की कानून व्यवस्था कितनी मजबूत है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि झांसी में पुलिस की पिटाई से त्रस्त होकर पुलिस चौकी में फांसी लगाने वाले बरुआसागर निवासी युवक अजय सोनी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेंगे। जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि जनता अब समझ चुकी है कि भाजपा में सिर्फ वादे होते हैं, इसलिए 22 में आगामी चुनाव में जनता अखिलेश यादव को प्रदेश की सत्ता सौंपने का मन बना चुकी है। झांसी में चारों विधानसभा सीटों पर सपा काबिज होगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि पार्टी ने अभी कोई प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। इस दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ चन्द्रपाल सिंह यादव, पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव, युवा नेता यशपाल सिंह यादव सहित कई बड़े चेहरों के नदारद होने को गुटबाजी से जोड़ने को नकारते हुए बताया गया कि नेता गण दूसरे कार्यक्रमों में व्यस्त रहने के कारण नहीं आ सके। उन्होंने कहा कि पार्टी एकजुट है।

इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष छत्रपाल सिंह यादव, पूर्व एमएलसी श्यामसुंदर सिंह, एमएलसी रमा आरपी निरंजन, तिलक चन्द्र अहिरवार, मिर्जा करामत बेग, अजय सूद, व्यापारी नेता शकील खान, पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र प्रताप सिंह, आरिफ खान, सतेंद्र पुरी, विश्वप्रताप सिंह यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।