– मुख्य सचिव ने लहचूरा बांध व अर्जुन सहायक परियोजना एवं काशीपुरा पेयजल परियोजना का किया निरीक्षण

महोबा/झांसी। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने अपने जनपद महोबा भ्रमण कार्यक्रम के अन्तर्गत लहचूरा बााँध से संचालित अर्जुन सहायक परियोजना एवं नमामि गंगे के अन्तर्गत निर्माणाधीन काशीपुरा पेयजल परियोजना का औचक निरीक्षण किया।
मुख्य सचिव ने लहचूरा बाँध से संचालित महोबा जनपद की लाइफलाइन अर्जुन सहायक परियोजना के निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम धसान मुख्य नहर को देखा, जिससे हमीरपुर व महोबा जनपद के कई इलाकों की सिंचाई होती है। इसके उपरांत उन्होंने कंट्रोल केबिन के निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता सिंचाई से अर्जुन सहायक परियोजना की विस्तृत जानकारी ली।
इस मौके पर उन्होंने सम्पूर्ण नहर प्रणाली के बारे पूछा कि किस-किस डैम से कितना-कितना पानी दिया जाता है। उन्होंने यह भी पूछा कि इस नहर से महोबा जिले के कितने हिस्से को कितनी बार सिंचित किया जा सकता है। इसके सम्बन्ध में जिलाधिकारी महोबा सत्येंद्र कुमार द्वारा विस्तृत रूप से अवगत कराया गया। इस अवसर पर उन्होंने कंट्रोल केबिन की छत से लहचूरा डैम का विहंगम दृश्य भी देखा और इस जगह की सराहना करते हुए कहा कि पर्यटन के लिहाज से यह बहुत ही उत्तम जगह है, इसको विकसित किया जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि इस जगह को पर्यटन हब बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्य सचिव ने कहा कि लहचूरा पर्यटन स्थल को विकसित कर इसे झांसी-ओरछा पर्यटन सर्किट से जोड़ा जाए।
इस दौरान उन्होंने नमामि गंगे की निर्माणाधीन काशीपुरा पेयजल परियोजना का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिये कि कार्य की गुणवत्ता में विशेष ध्यान दिया जाए और कार्य समय पर पूर्ण हो।
निरीक्षण के दौरान एसपी सुधा सिंह, एडीएम नमामि गंगे जुबेर बेग, अधीक्षण अभियंता सिंचाई सर्वेश कुमार श्रीवास्तव, एक्सईएन मौदहा बांध विनय कुमार, एसडीएम कुलपहाड़ राकेश कुमार, सहायक अभियंता सिंचाई विनोद कुमार खरे एवं क्षेत्राधिकारी कुलपहाड़ सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी गण मौजूद रहे।