– चर्चित यूपी टीईटी पेपर ​लीक प्रकरण में बड़े स्तर पर कार्रवाई, कोई बख्शा नहीं जाएगा

झांसी। प्रदेश के श्रम, सेवायोजना एवं समन्वय विभाग मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने चर्चित यूपी टीईटी पेपर ​लीक प्रकरण को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पहली बार पेपर लीक नहीं हुआ है। इससे पहले भी कई बार पेपर लीक हुए हैं लेकिन यह पहली बार है जब बड़े स्तर पर इसे लेकर कार्रवाई की जा रही है। मौर्य ने कहा कि इस पेपर लीक प्रकरण में सभी आरोपियों की धर पकड़ हो रही है। सरकार की ओर से किसी प्रकार का भेदभाव नहीं हो रहा है और हर स्तर पर दोषियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। सभी आरोपी एक के बाद एक जेल की हवा खा रहे हैं। कानून ने सभी का ​गिरेबान पकड़ रखा है. हमारी सरकार लगातार लोगों को रोजगार देने का प्र्यास कर रही है। कई माध्यमों से परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। पहली बार पर्चा लीक करने में लगे हुए लोगों के खिलाफ कड़ी कानून कार्यवाही हो रही है। इससे पहले पूर्व की सरकारों में भी अनेक बार पर्चा लीक हुए है लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई सब ठंडे बस्ते में चला जाता था।

झांसी में जीआईसी ग्राउंड पर श्रमिकों की बेटियों के सामुहिक विवाह में पहुंचे मौर्य ने वरुण गांधी की ओर से रोजगार पर किए गए टवीट पर कहा कि पेपर लीक पहले भी हुए हैं लेकिन पहली बार इतनी बड़ी कार्रवाई हो रही है। मौर्य ने बसपा पर भी निशाना साधा और कहा कि बसपा आज जमीन पर आ गई है। बसपा में अभी तक सब साइलेंट मोड पर थे लेकिन जैसे जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं सभी बाहर निकलने लगे हैं। अब सभी वोट मांगते नजर आएंगे और इससे ज्यादा बासपा की दुर्गति क्या होगी? जो चार बार मुख्यमंत्री रहा वह आज जमीन पर आ गया है। एक एमएलसी के लिए तरस रहा है, एक राज्य सभा के लिए तरस रहा है, जो विधायक जीते थे वह भी कहीं न कहीं चले गए हैं, मात्र एक विधायक बचा हुआ है.
अखिलेश यादव के बुंदेलखंड दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि पांच साल में पहली बार वह निकले हैं और पहली बार बोले हैं। पांच साल से वह अपने घर में आराम फरमा रहे थे। उस समय उन्हें प्रदेश की जनता का खयाल नहीं था। मौर्य ने तंज कसते हुए कहा कि 2022 में सत्ता में काबिज होने को लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं, किंतु वह फिर मुंह की खाएंगे। मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में जो लूट, भ्रष्टाचार, गुंडाराज और जंगलराज था, उसे उत्तर प्रदेश की जनता नहीं भूली है। जमीनों पर खूब कब्जे होते थे, महिलाओं पर अत्याचार होता था। इन्हीं कारणों से जनता ने अखिलेश सरकार को उखाड़ फेंका। अब भाजपा की सरकार में विकास और विजय रथ दोनों साथ चल रहा है।

उन्होंने 2022 में भाजपा की सरकार नहीं बनने के अखिलेश के दावे पर कहा यह बात वह 2014, 2017 और 2019 में भी कहते थे। मगर नतीजा ढाक के तीन पात रहा। आगामी विधानसभा चुनाव में फिर वही हाल होगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में एक्सप्रेस वे का जाल बिछाकर, एयरपोर्ट, हवाई पट्टी, मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराकर दिखा दिया है कि विकास वास्तव में क्या होता है। प्रदेश की कानून व्यवस्था भी एकदम दुरुस्त है।