झांसी। जनपद में थाना प्रेमनगर के नगरा के प्रतापपुरा मोहल्ला निवासी हिस्ट्रीशीटर मनोज शर्मा (45) उर्फ चपटा पुत्र आशाराम ने आत्मदाह कर लिया। उसका अपनी पत्नी के साथ काफी समय से विवाद चल रहा था।

पुलिस के अनुसार मनोज ने लगभग 15 वर्ष पहले खुशीपुरा निवासी विधवा ममता से प्रेम विवाह किया था। ममता के पहले पति राजकुमार की मौत हो चुकी थी। मनोज से ममता को एक बेटा सूरज (12) एवं बेटी रोशनी (13) है जबकि पहले पति राजकुमार से शालिनी (21) एवं यशी (19) है। विवाह के कुछ समय बाद तक दोनों के बीच सब कुछ सही चलता रहा लेकिन, बाद में मनोज और ममता में छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। दोनों के बीच कई बार मारपीट हो चुकी।    कुछ दिनों पहले ममता ने मनोज पर शराब के नशे में मारपीट करने के आरोप में पुलिस में शिकायत भी की थी। वहीं, मनोज भी दो दिन पहले अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचा था। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में दोनों के बीच समझौता करा दिया। परिवार के लोगों ने भी दोनों के कमरे अलग-अलग कर दिए थे।

ममता के अनुसार वह मंगलवार सुबह अपनी बेटी यशी के साथ काम पर गई थी। करीब साढ़े दस बजे मनोज अपने कमरे में अकेला था। उसी दौरान उसने कमरा बंद करके अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। कमरे के भीतर से धुआं उठता देख सूरज ने शोर मचाया। शोर सुनकर पड़ोसी भी वहां आ गए। जब तक दरवाजा तोड़ा गया मनोज काफी झुलस चुका था। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां थोड़ी देर के बाद उसने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की सूचना मिलने पर प्रेमनगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। प्रेमनगर पुलिस ने बताया कि मनोज प्रेमनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश था। उसके ऊपर आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज थे।