झांसी। समाजवादी पार्टी के बबीना विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क महाअभियान में गुरुवार को उनकी धर्मपत्नी रश्मि सिंह यादव ने भी जनसंपर्क अभियान की कमान संभाल ली।

बबीना विधानसभा क्षेत्र के चिरगांव कस्बे तथा उसके आसपास के गांवों में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव की धर्मपत्नी ने व्यापक रूप से मतदाताओं से जनसंपर्क कर 20 फरवरी को होने वाले मतदान में साइकिल का बटन दबाकर समाजवादी पार्टी को विजई बनाने की अपील की। इस दौरान महिलाओं से बातचीत करते हुए रश्मि सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में महिलाओं के कल्याण तथा विकास के लिए शामिल की गई योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को बताया कि महिलाएं ही घर की रसोई संभालती हैं और भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में महंगाई ने हर घर की रसोई को बिगाड़ कर रख दिया है। खाने के तेल से लेकर गैस सिलेंडर के दाम सातवें आसमान पर पहुंच जाने से महिलाओं को रसोई संभालना मुश्किल हो गया है। श्रीमती रश्मि सिंह यादव ने कहा कि 5 साल पूरे उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के शासन में महिलाओं ने त्रासदी झेली है। महिलाओं पर अत्याचार तथा अनाचार की घटनाएं किसी से छुपी नहीं है। यहां तक कि विधवा हो चुकी माताओं तथा बहनों की पेंशन भी भारतीय जनता पार्टी ने छीन ली। यह पेंशन समाजवादी पार्टी की सरकार ने वर्ष 2012 में शुरू की थी। उन्होंने कहा कि इस बार समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 2012 में शुरू गई पेंशन को सरकार बनने पर शुरू करने का न केवल ऐलान किया है, बल्कि उसकी राशि भी 500 रुपए से बढ़ाकर 1500 रुपये कर दी है। यानि एक महिला को साल में ₹18000 पेंशन मिलेगी। इसके साथ ही रश्मि सिंह यादव ने महिलाओं को बेटियों की पढ़ाई के लिए कन्या विद्या धन योजना के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने अपील की कि महिलाओं के विकास, कल्याण तथा सम्मान को सुरक्षित रखने के लिए साइकिल का बटन दबाकर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव को विजई बनाकर उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने में सभी लोग सहयोग करें।