झांसी। भैया दूज के दिन जनपद के बड़ागांव थाना क्षेत्र में गहरी खाई में गिरने से 18 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। मृतका तीन भाइयों के बीच इकलौती बहन थी। इस हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

बताया गया है कि बड़ागांव के ग्राम दुनारा निवासी रामप्रसाद कुशवाहा की बेटी रक्षा कुशवाहा (18) खेत की रखवाली करने गई थी। शनिवार शाम को खेत से घर की ओर लौट रही थी। इसी दरम्यान पैर फिसल गया और वह लगभग सौ फीट गहरी खाई में गिर गई। देर शाम तक जब वो घर नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू कर दी। इस बीच उसका कुछ सामान खाई के पास पड़ा मिला।
तलाश करने पर परिजनों को रक्षा खाई में गंभीर हालत में मिली। परिजन उसे महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों के अनुसार मृतका तीन भाइयों (रवि, राजा और संजय) के बीच अकेली बहन थी। भैया दूज के त्योहार पर इकलौती बहन की मौत से परिवार में कोहरा मचा हुआ है।