्झांसी। एक प्राइवेट कंपनी में तैनात रहे असिस्टेंट मैनेजर को झांसा देकर नौकरानी ने जमीन समेत कुल दो करोड़ रुपये हड़प लिए। मैनेजर के बेटे ने महिला व उसके भाईयों के खिलाफ कोतवाली में धोखाधड़ी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मंडल के जिला उरई के गोपालगंज निवासी सौरभ कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके पिता सतीश गुप्ता सोनभद्र के रेनू सागर स्थित हिंडाल्को कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर थे। मां सावित्री देवी की मौत 2005 में हो चुकी थी। इसके बाद पिता पार्किन्सन रोग का शिकार हो गए। पिता की देखरेख के लिए झांसी निवासी आशा गुप्ता को रखा गया। सौरभ का आरोप है आशा ने सतीश की हालत का फायदा उठाकर उनका वेतन हड़प लिया। उसी पैसे से उसने झांसी में एक मकान खरीदा। सेवानिवृत्त के बाद पिता के फंड से मिला 75 लाख रुपया भी हड़प लिया। इतना ही नहीं नौकरानी आशा पिता को लेकर झांसी चली आई और उन्हें अपने कब्जे में लेकर परिजनों व रिश्तेदारों से मिलने भी नहीं दिया। इसके बाद 17 मई को पिता की मौत हो गई। आशा ने मृत्यु प्रमाण पत्र में फर्जी तरीके से खुद को सतीश की पत्नी दर्ज करा दिया। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर आशा एवं उसके दो भाईयों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।