– हमारे कार्यकर्ता संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे – आरपी सिंह महामंत्री एनसीआरईएस

आगरा/झांसी। नार्थ सेण्ट्रल रेलवे इम्प्लाईज संघ का त्रैवार्षिक अधिवेशन आगरा स्थित रेल संस्थान में 28, 29 व 30 नवंबर को आयोजित किया गया। 29 नवंबर 2022 को संघ की जनरल काउंसिल सभा का शुभारंभ नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवे मैन के महामंत्री डॉ एम राघवैया एवं एन.सी.आर.ई.एस. के महामंत्री आर. पी. सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। डॉ एम राघवैया ने ‘संघ’ की जनरल काउंसिल को संबोधित करते हुए कहा कि नई पेंशन स्कीम को रद्द करवाना हमारा दायित्व है और इसे हम पूरा करेंगे | उन्होंने वर्तमान सरकार की रेल विरोधी और रेल श्रमिक विरोधी नीतियों पर चर्चा करते हुए कहा कि एक तरफ रेलवे के तमाम पदों को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है तो दूसरी ओर नए पदों के सृजन पर भारत सरकार ने रोक लगाई हुई है यहां तक कि संरक्षा श्रेणी में भी नए पदों का सृजन करने का अधिकार नहीं बचा, जब कि कोविड काल में रेलवे ने 14000 किलो मीटर का नया रेलवे ट्रैक बनाया उसके अनुरक्षण के लिए भी आवश्यक संरक्षा श्रेणी के पद सृजित नहीं किए जा रहे हैं | उन्होंने बताया कि कोविड काल में हमारे रेल कर्मचारियों ने स्पेशल गाड़ियां चलायीं, श्रमिक स्पेशल चलायीं, रेल कर्मचारी इन्फेक्टिड हुआ और 3500 कर्मचारियों ने जान गवाई | एन.एफ.आई.आर. ने उन शहीद हुए रेल श्रमिकों के परिवारों को रुपए 50 लाख प्रति परिवार एक्सग्रेसिया राशि दिए जाने की मांग की थी जिसे अभी तक नहीं माना गया लेकिन उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह हम लेकर रहेंगे | उन्होंने बताया कि टेक्निकल सुपरवाइजर्स के लिए अपग्रेडेशन का आदेश हमारी बड़ी जीत है हमने ट्रैक मेंटेनर के कैरियर प्रोग्रेशन में रुपए 2800/- ग्रेड पे तक प्रमोशन का रास्ता बनाया और अब हमारी मांग उन्हें रुपए 4200/- ग्रेड पे दिलाई जाने की है अभी पॉइंट्स मैन का कैरियर प्रोग्रेशन रुपए 1900/- ग्रेड पे के आगे नहीं हैं हमने उन्हें ग्रेड पे रुपए 2400/- एवं ग्रेड पे रुपए 2800/- दिए जाने की मांग की थी इस पर कमेटी ने अपनी सिफारिशें भी दे दी है और इसका परिणाम भी शीघ्र मिल जाएगा इससे 127000 पॉइंट्स मैन लाभान्वित होंगे उन्होंने ए.एल.पी. को भर्ती वेतनमान रुपए 2800/- किए जाने, पेंशन कम्यूटेशन का रेस्टोरेशन 15 वर्ष के स्थान पर 12 वर्ष किए जाने, रिस्क एंड हार्डशिप एलाउंस सभी संरक्षा श्रेणी कर्मचारियों को दिए जाने आदि पर फेडरेशन द्वारा किए जा रहे प्रयासों के संबंध में बताया |
‘संघ’ के महामंत्री आर पी सिंह ने आश्वस्त किया कि श्रमिक समस्याओं के समाधान के लिए फेडरेशन से जो भी निर्देश मिलेंगे एन.सी.आर.ई.एस. उसका पूर्णता से पालन करेगी | उन्होंने एन.सी.आर.ई.एस. द्वारा लारजेस के अंतर्गत 200 नियुक्तियों एवं नेशनल पेंशन स्कीम से पुरानी पेंशन स्कीम में लगभग 400 कर्मचारियों को लाभ दिलाए जाने जैसी कई उपलब्धियों को जनरल काउंसिल के समक्ष रखा, पत्रकारों के एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि प्रशासन जो चाहे करें हमारे कार्यकर्ता अपने रास्ते से पीछे नहीं हटेंगे |
सभा की अध्यक्षता कर रहे संघ के अध्यक्ष वी. जी. गौतम ने लोगों को आश्वस्त किया कि एनएफआईआर./एनसीआरईएस के रहते रेल भी सुरक्षित रहेगी और रेल कर्मचारियों के हित भी संरक्षित रहेंगे |
जनरल काउंसिल को राम कुमार सिंह मंडल अध्यक्ष झाँसी, मान सिंह मंडल अध्यक्ष प्रयागराज, सुरेंद्र तिवारी मंडल सचिव मुख्यालय मंडल ने संबोधित किया | इसी कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित युवा सम्मेलन को झांसी मंडल के मंडल सचिव भानु प्रताप सिंह चंदेल, भारत भूषण मिश्रा, सिद्धार्थ शर्मा सी.टी.आई. आगरा, अजीत सिंह टेक्नीशियन प्रयागराज, कुलदीप सिंह राजपूत ट्रैकमेन झांसी, दीपिका तिवारी सहायक लोको पायलट झांसी और कुमारी रक्षा शर्मा ने अपनी बात रखी |
कार्यक्रम का संचालन आगरा मंडल के मंडल सचिव अक्षय कांत शर्मा ने किया एवं आगरा मंडल के मंडल अध्यक्ष पी.के. सोनी ने आभार व्यक्त किया |

संघ के चुनाव में अध्यक्ष वीजी गौतम, महामंत्री आर. पी. सिंह चुने गए 

अंत में ‘संघ’ के चुनाव संपन्न हुए जिसमें –अध्यक्ष वीजी गौतम, महामंत्री आर. पी. सिंह, उपाध्यक्ष रामकुमार सिंह, मान सिंह, ए के दधीच, कार्यकारी महामंत्री अखिलेश सिंह राठौर, संयुक्त महामंत्री आलोक सेहगल, चंदन कुमार सिंह, अक्षय कांत शर्मा, – सहायक महासचिव के पद पर भानु प्रताप सिंह चंदेल, पी.के. सोनी, सुरेंद्र तिवारी, अरुण राय एवं कोषाध्यक्ष के पद पर दीपक गोयल निर्विरोध निर्वाचित हुए |
मुख्यालय कार्यकारिणी सदस्य में झांसी मंडल से विवेक चड्ढा, बी के सिंह, के के त्रिपाठी, एस के सिंह, आरती तमोरी,इंद्र विजय सिंह, ममता गौर, दीपिका तिवारी, महेंद्र सेन, अरुण कुमार गुप्ता को चुना गया |