झांसी। जन्म देने वाली मां को दुधमुंही पर तनिक भी दया नहीं आई, उसे जीवित नाले में फेंक कर मौत की थपकी देकर सुला दिया। अब जेल की सलाखों में पश्चाताप के आंसू बहा रही है। पूछ थाना क्षेत्र के नई बस्ती इलाके से गायब दो माह की मासूम बालिका की लाश के नाले में मिलने का खुलासा पुलिस ने जब किया तो लोग आश्चर्य चकित रह गए कि जन्म देने वाली मां भी ऐसा कर सकती है।

एसएसपी ने बताया कि 15 जनवरी को पूंछ थाना क्षेत्र में नई बस्ती मोहल्ला निवासी नसरुद्दीन ने सूचना दर्ज कराते हुए बताया था की उसकी दो माह की पुत्री सोते समय घर से अचानक गायब हो गई। पुलिस ने सूचना दर्ज कर जांच पड़ताल करते खोजबीन शुरु कर दी थी। इधर, बालिका की मां ने पुलिस को घटना वाले दिन से ही गुमराह करना शुरू कर दिया था। पुलिस को गुमराह करते हुए बताया शायद उसकी पुत्री को जंगली बिल्ली ले गई। लेकिन पुलिस के गले यह बात उतर नही रही थी।

पुलिस ने संदेह के आधार पर बालिका की मां रिजवाना को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की तो हतप्रभ रह गयी। उसने पुलिस को बताया की पुत्री होने का उसे लगातार अवसाद लगा रहता था। वह उसका लालनपालन नहीं कर पा रही थी। इस लिए उसे रास्ते से हटाने का निर्णय लिया। इसके तहत उसने खुद शौच क्रिया के बहाने पुत्री को ले जाकर नाले में डूबो पर मार दिया और शव पानी में ही फेंक आई थी। पुलिस ने आरोपी मां रिजवाना को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।