– निर्वस्त्र शव मिलने से आक्रोश भड़का, पुलिस जांच में जुटी
झांसी। जनपद के थाना समथर क्षेत्र के ग्राम खूजा में लापता पांच वर्षीय लड़की का निर्वस्त्र शव गांव में ही एक अर्ध निर्मित मकान में मिलने से सनसनी फ़ैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खूजा निवासी माखन चौधरी की लगभग 5 वर्षीय पुत्री कुमारी दर्पण रविवार शाम को 5:00 बजे से गायब हो गई। काफी समय तक जब परिवार वालों को नजर नहीं आई तो उन्होंने लड़की की खोजबीन शुरू कर दी । शाम को लगभग 7:00 बजे जब लोग दर्पण को खोजते हुए ग्राम के ही जगदीश बंशकार के अर्ध निर्मित मकान मैं पहुंचे तो हतप्रभ रह गए। मकान में लड़की का निर्वस्त्र शव पड़ा था। इसकी जानकारी लगने पर समथर क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। इस घटनाक्रम से क्षेत्र में आक्रोश है।
परिवार जनों से उक्त घटना की जानकारी होने पर थानाध्यक्ष महाराज सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ प्रदीप कुमार ,थाना पूंछ पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल की शव की स्थिति देख कर संभावना जताई जा रही है कि लड़की किसी काम पिपासु का शिकार बनी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। पुलिस द्वारा जांच की जा रही है कि लड़की कैसे उक्त अर्ध निर्मित मकान में पहुंची और उसे शिकार बनाने वाला कौन था।