झांसी। जिले के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत रॉयल सिटी में दिन दहाड़े पशु चिकित्साधिकारी के घर से चोरों ने ढाई लाख रुपये के आभूषण उड़ा दिए। अबपुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

बताया गया है कि नोएडा में पशु चिकित्साधिकारी के पद पर तैनात डॉ. संजय सिंह का झांसी में शिवपुरी रोड पर स्थित रॉयल सिटी के एलिगेन टावर में फ्लैट है। यहां उनकी पत्नी मोंठ के बेसिक स्कूल की प्रधानाध्यापिका मधु सिंह रहती हैं। होली का त्योहार मनाने के बाद डा. संजय सिंह वापस नोएडा चले गए थे जबकि मधु शुक्रवार की सुबह पौने आठ बजे स्कूल चली गईं थीं। शाम तकरीबन पांच बजे वह वापस लौटीं तो घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था। अलमारी भी खुली हुई थी, जिसमें रखे सोने के आभूषण गायब थे। चोर उनके घर से लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य की दो सोने की चेन, लॉकेट, तीन अंगूठी, पांच ग्राम का सोने का सिक्का चोरी कर ले गए।

घटना के बाद जानकारी मिलने पर मधु सिंह ने तत्काल इसकी सूचना डायल 112 को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की, लेकिन हाथ कुछ नहीं आया। फिलहाल पुलिस द्वारा कॉलोनी के सीसीटीवी फुटेज देखे कर चोरों की तलाश जारी है।