झांसी। जनपद के रक्सा थाना क्षेत्र के गांव रामगढ़ में एक घर में घुसकर बदमाश लगभग 8 लाख रुपए कीमत के गहने और 75 हजार रुपए चुराकर ले गए। चोरों ने घर में सो रही महिला के तकिए के नीचे से अलमारी की चाबी उठाई और वारदात को अंजाम दिया। घटना स्थल का पुलिस व डॉग स्क्वायड टीम ने भी निरीक्षण कर जांच पड़ताल की और कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए उठाया गया है।

बताया गया है कि मूलरूप से मध्य प्रदेश के दतिया के जिगना थाना क्षेत्र की रामदेवी दुबे पिछले 9 साल से शिवपुरी हाइवे पर झांसी में थाना रक्सा के रामगढ़ गांव में रह रही है। उसने बताया कि मंगलवार को खाना खाने के बाद रात 11:00 बजे तक वह टीवी देखती रही और फिर सो गई। अलमारी की चाबी तकिए के नीचे रखी थी। रात में बदमाश घर में घुसे और तकिए के नीचे से चाबी निकालकर कमरे में गए। वहां अलमारी को खोल कर उसमें रखे 11 तोला सोना के आभूषण और 75 हजार रुपए चोरी कर ले गये।

महिला को घटना की जानकारी उस समय हुई जब वह छत पर कूड़ा फेंकने के लिए गई तो देखा अलमारी की चाबी छत पर पड़ी हुई हैं। छत से चाबी उठाकर वह कमरे में गई। वहां अलमारी से गहने और कैश गायब था। इस पर उसने रक्सा थाना पुलिस को सूचना दी। तब पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद डॉग स्क्वायड टीम को मौके पर बुलाया गया। महिला ने बताया कि 75 हजार रुपए मध्यप्रदेश के थाना में जमीन खरीदने के लिए रखे थे।

रामदेवी दुबे ने बताया कि उसके पति की 3 माह पहले मौत हो चुकी है। तीन में से दो बेटों महेंद्र और नीलेश की शादी हो चुकी है। दोनों बहुओं के गहने अलमारी में रखे हुए थे। सबसे छोटा बेटा अमित अभी अविवाहित है। महेंद्र डायमंड फैक्ट्री मुंबई में इलेक्ट्रॉनिक का काम करता है, जबकि नीलेश मुंबई में ही एयरपोर्ट पर कंप्यूटर ऑपरेटर है। वहीं तीसरा लड़का अमित मथुरा में एक स्कूल में अकाउंटेंट है।

इस मामले में रक्सा पुलिस का कहना है कि महिला ब्याज पर पैसे देने का काम भी करती थी। वह लोगों की वस्तुएं अपने पास गिरवी रखकर पैसे देती हैं। चोरी की घटना की सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।