झांसी/जालौन। बुंदेलखंड के जालौन के कोटरा थाना इलाके के ग्राम सैदपुर निवासी आईटीआई के छात्र ने झांसी में ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक को एक महिला ने अपने प्रेमजाल में फंसा लिया था। बाद में वह उसे ब्लैकमेल कर रुपए की मांग कर रही थी। दो दिन पहले महिला के परिजनों ने बेटे के साथ मारपीट भी की थी। इससे परेशान होकर युवक ने आत्महत्या कर ली।

जालौन के सैदपुर निवासी मूलचंद्र का पुत्र अमित यादव (22) आईटीआई का छात्र था। शुक्रवार को वह झांसी के बम्हरौली में रहने वाली अपनी बहन के घर आया हुआ था। दोपहर में वह बहन के घर से निकलकर बाहर चला गया था। इसके कुछ देर बाद उसका शव रेलवे ट्रैक पर क्षत विक्षत हालत में पड़ा मिला था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि अमित को दो बच्चों की मां ने अपने प्रेमजाल में फंसा लिया था। कुछ समय बाद महिला ने अमित से दूरी बना ली थी। अब वह पुलिस से शिकायत करने की धमकी देते हुए उससे पैसों की मांग कर रही थी। अमित उसे पैसे दे नहीं पा रहा था। दो दिन पहले महिला के परिजनों ने अमित के साथ मारपीट भी की थी। अमित ने इसकी जानकारी अपनी मां को दी थी और बहन के घर आ गया था। उधर, अमित की लाश ट्रैक पर पड़े होने की सूचना रेलवे कर्मचारी ने दी थी। रेल कर्मचारी ने बताया था कि अमित फोन पर बात करते हुए रेलवे ट्रैक के पास से जा रहा था। ट्रेन आने पर वह पटरी पर लेट गया, जिससे कटकर उसकी मौत हो गई।
मृतक के मामा ने बताया कि घटना के दौरान अमित उसी महिला से फोन पर बात कर रहा था। अमित के ट्रेन से कटने के तीन मिनट बाद भी महिला का फोन आया था, लेकिन रिसीव नहीं हुआ था। इसके बाद अमित के फोन पर दोस्त की कॉल आई थी, जिसे रेल कर्मचारी ने रिसीव कर घटना की जानकारी दी थी। इस घटनाक्रम से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।