झांसी। जिले के थाना पूंछ क्षेत्र निवासी 27 वर्षीय युवक ने लगभग ढाई वर्ष से पत्नी के मायके से लौट कर नहीं आने व मुकदमा कर देने से दुखी पति ने नहर में कूदकर जान दे दी। ग्रामीणों के अनुसार वह नहर में एक बार कूदने पर बच गया, फिर दूसरी बार गहराई में कूदा और मौत ने आगोश में ले लिया। पुलिस ने नहर से शव बरामद कर लिया है।

पूंछ निवासी संतराम अहिरवार (27) पुत्र कांताराम अहिरवार का पहली पत्नी से तलाक हो गया था। इसके बाद उसने 2020 में पहाड़गांव की रेनू से दूसरी शादी की थी। रेनू से दो साल की एक बेटी भी है। गृह कलेश के चलते रेनू दो वर्ष से अधिक समय से मायके में रह रही थी। कई बार बुलाने पर रेनू नहीं आई। उसने पति के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा भी कर दिया था तो संतराम डिप्रेशन में चला गया। इसके बाद वह शराब पीने लगा था।
परिजनों के मुताबिक संतराम ने पत्नी रेनू से गुरुवार को फोन पर बात की और उसे घर आने के लिए कहा लेकिन, वह तैयार नहीं हुई। इसके बाद संतराम गुस्से से घर के पास बाबई रोड स्थित नरवा के पास पहुंचा और पुल से नीचे नहर में कूद गया। एक बार बच तो वह दूसरी बार गहराई में कूद गया। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे।
गुरुवार सायं से ही नहर के पानी में उसकी तलाश की गई पर कोई सुराग नहीं लगा। रात हो जाने से तलाश अभियान रोक दिया गया। इसके बाद शुक्रवार सुबह से तलाशी अभियान चलाया गया तो संतराम का शव कीचड़ में फंसा हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने शव को कीचड़ से निकलवा कर वैधानिक कार्रवाई की। माता-पिता के इकलौते पुत्र संतराम की असमय मौत से परिवार में मातम छा गया है।