झांसी। दूल्हा व परिवार, रिश्ते नातेदार सभी खुश थे बहू घर आएगी और घर आंगन बच्चों की किलकारियों से गूंज उठेगा, किन्तु सभी के सपनों पर नव नवेली बहू ने तीन वचन मांग कर ग्रहण लगा दिया। अजीबोगरीब तीनों वचन सुनकर सभी हैरान हो गए। तीनों वचनों को नहीं मानने पर ससुराल विदा न होकर दुल्हन अपने मुंह बोले पिता के घर चली गई। दूल्हा व बाराती बिना दुल्हन के लौट गए। हालांकि दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से इनकार करने पर दोनों पक्षों के बीच जमकर तू-तू मैं-मैं हुई। वर पक्ष शिकायत लेकर थाने पहुंच गया। यह चर्चित विवाह झांसी के बरुआसागर कस्बे के सिनौरा मोहल्ला का है।

हुआ यूं कि बरुआसागर थानान्तर्गत सिनौरा मोहल्ला निवासी इं. मानवेन्द्र सेन की शादी झांसी के गुरसरांय निवासी ज्योति के साथ तय हुई थी। शादी 6 जून को थी, जिसको लेकर मानवेन्द्र के घर में खुशियां मनाई जा रही थी, शादी के गीत भी हो रहे थे। दुल्हन अपने मुंह बोले पिता और बहन के साथ बरुआसागर स्थित मैरिज हॉल में आई थी। जहां शादी की रस्में अदा हो रहीं थी। निकासी के बाद निकला दूल्हा बारातियों के साथ मेरिज हॉल पहुंचा। इस दौरान बारातियों ने ढोल नगाड़ों पर खूब डांस किया। मैरिज हॉल पहुंचने पर रस्मों के अनुसार दूल्हे का टीका, दुल्हन के साथ जयमाला और 7 फेरे जैसी सभी रस्में निभाई गईं। जब विदाई को लेकर वर व वधू पक्ष हंसी खुशी तैयारी में लगा हुआ था, तभी अचानक दुल्हन ने ससुराल जाने से इंकार कर दिया। कारण पूछा तो दुल्हन के मुंह बोले पिता ने दूल्हे के पिता के सामने तीन शर्तें रखी।

जिसमें पहली शर्त थी कि विदा के बाद दूल्हा और दूल्हन के बीच किसी भी प्रकार शरीरिक सम्बंध नहीं बनेगा। दूसरी शर्त थी कि दूल्हन अपनी छोटी बहन को अपने साथ ससुराल ले जायेगी और उसकी बहन उसी के साथ रहेगी। तीसरी शर्त थी कि मुंह बोला पिता कभी भी किसी भी समय घर आ-जा सकता है उन्हें कोई भी नहीं रोकेगा। जब यह तीनों शर्तें दूल्हे के पिता और दूल्हे ने सुनी तो उन्होंने इसे मानने से इंकार कर दिया। बस फिर क्या था कि दुल्हन गुस्से में आ गई और डोली में बैठकर ससुराल जाने की बजाए अपने मुंह बोले पिता के घर गुरसरांय चली गई।

दुल्हन की विदाई नहीं होने के बाद दूल्हा और उनके परिजन बरुआसागर थाने में पहुंच गए। दूल्हे ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें बताया कि शादी में उसके 10 लाख रुपये खर्च हो गया। दुल्हन को करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने भी चढ़ाए थे। दुल्हन अजीब गरीब शर्त रख कर चली गई। बरुआसागर पुलिस का कहना है कि शर्त मानने से इनकार करने पर दुल्हन अपने परिजनों के साथ गई है। दुल्हन एवं उसके पिता को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। मामले की छानबीन कराई जा रही है।