28 को कानपुर में भाजपा अनुसूचित मोर्चा सम्मेलन की दी जानकारी

झांसी । 28 अक्टूबर को वाल्मीकि जयंती पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा अनुसूचित मोर्चे का विशाल सम्मेलन कानपुर नगर में किया जा रहा है जिसमें कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी जिलों से अनुसूचित मोर्चा के लोग सम्मिलित होंगे। यह जानकारी क्षेत्रीय महामंत्री संत विलास शिवहरे ने दी है।

यहां सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए क्षेत्रीय महामंत्री ने बताया कि इस सम्मेलन में झांसी, बबीना, गरौठा और मऊरानीपुर से लगभग 10000 लोग 100 से ज्यादा बसों के माध्यम से कानपुर जाएंगे। उनके साथ लगभग 300 गाड़ियां भी जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवम् भारतीय जनता पार्टी की सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही योजना का सीधा लाभ जनता के हर वर्ग तक पहुंचा है ।

उन्होंने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को साकार करते हुए भाजपा की सरकार अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है। अनुसूचित वर्ग वर्षों से दूसरी पार्टियों द्वारा शोषित होता रहा है पर 2014 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के बाद उन्हें सम्मान देने का और लाभ पहुंचाने का कार्य भारतीय जनता पार्टी ने दिया है इसलिए उनके आशीर्वाद से भाजपा 2017, 2019, 2022 का चुनाव जीत पाए। उन्होंने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया कि हम उनके आशीर्वाद से पुनः 2024 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएंगे। इसी विश्वास के साथ अनुसूचित मोर्चा के इस विशाल सम्मेलन में हमें जनता का आशीर्वाद प्राप्त होगा। इस सम्मेलन में स्वयं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहेंगे।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने स्वीकार किया कि यह सम्मेलन राजनैतिक लाभ लेने के लिए आयोजित किया जा रहा है। जब पत्रकारों ने भाजपा द्वारा चुनावों में बाल्मीकि समाज के लोगों को टिकट दिए जाने व झांसी में बाल्मीकि के नाम से किसी चौराहे का नामकरण नहीं किये जाने के सवाल दागे तो वह स्थिति साफ नहीं कर सके। पत्रकारों के तीखे सवालों को देखते हुए आभार व्यक्त करने की कोशिश की गई, किंतु पत्रकारों ने सवालों के उत्तर लिए बिना वार्ता समाप्त नहीं होने दी। हालांकि की क्षेत्रीय महामंत्री के लम्बे चौड़े लेक्चर के बाद वार्ता बिना किसी निष्कर्ष के समाप्त हो गई। कई पत्रकारों के सवाल अनुत्तरित रह गए।

इस दौरान जिला अध्यक्ष हेमंत परिहार, जिला अध्यक्ष अशोक गिरी, मेयर बिहारी लाल आर्य, एमएलसी रमा आरपी निरंजन, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम आदि जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में प्रियांशु डे जिला मीडिया प्रभारी ने आभार व्यक्त किया।