झांसी। मेडिकल कॉलेज में उस समय अफरातफरी मच गई जब पत्नी का इलाज करा रहे पति ने जहर खा कर  मौत को गले लगा लिया। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व उसका अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है इसी कारण उसने यह कदम उठाया है।

जिले के थाना टोड़ीफतहपुर क्षेत्र के गुढा निवासी लगभग 28 वर्षीय भूपेन्द्र पाल का 7 वर्षीय एक बच्चा है। पुताई करते समय उसकी पत्नी नीता के हाथ में फ्रेक्चर हो गया था। जिस कारण वह अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए झांसी मेडिकल कालेज आया था। उसकी पत्नी मेडिकल कालेज में भर्ती थी। 29 नवंबर की रात को उसका पत्नी से विवाद हुआ। इसके बाद वह खाना लेने चला गया। जब काफी देर तक वह नहीं लौटा तो पत्नी ने फ़ोन लगाया।

फोन पर भूपेंद्र ने बताया कि उसने जहर खा लिया है। यह सुनकर पत्नी घबरा गई और तलाशती गेट पर पहुंची। वहां बेहोश पड़े भूपेन्द्र को उठवाकर मेडिकल कालेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। उसके पास से विषाक्त की डिब्बी भी मिली। यहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस घटना से परिवार में शोक छा गया।

परिजनों ने बताया कि भूपेन्द्र शराब पीने का आदी था। जिस कारण उसका अक्सर पत्नी से झगड़ा होता था। जब उसकी पत्नी मेडिकल कालेज में भर्ती थी तब भी उसका अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है इसी बात से क्षुब्ध होकर उसने विषाक्त खा लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।