झांसी। जंगल से भटकी नील गाय को सुबह -सुबह झांसी शहर के व्यस्ततम मानिक चौक बाजार में चहलकदमी करते देख मजमा लग गया। नील गाय बाजार में एक कम्पाउन्ड में प्रवेश कर गई तो लोगों ने मुख्य द्वार बंद कर दिया। इसके बाद सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घंटो मशक्कत के बाद उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।

नील गाय कहां से शहर में घुस गई इस पर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। दरअसल, झांसी के सैन्य क्षेत्र में घने जंगल में नील गाय आदि वन्य जीव स्वछंद विचरण करते रहते हैं। संभावना है कि रात में घने कोहरे के चलते यह नील गाय भटक कर शहर में प्रवेश कर गई और घूमते हुए मानिक चौक पहुंच कर कौतूहल का कारण बन गई। फिलहाल वन विभाग द्वारा इस नील गाय को जंगल में छोड़ दिया गया है।