झांसी में भव्य ऐतिहासिक परेड के साथ गणतंत्र दिवस की 75वीं वर्षगाँठ मनायी

झांसी। राष्ट्र के वीरता व गौरव का प्रतीक, इतिहास की अमिट हस्ताक्षर वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की भूमि पर पुलिस लाइन झांसी में भारत के लोकतंत्र की अजेयता व देश की एकता और अखंडता को समर्पित राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस की 75वीं वर्षगाँठ मनायी गयी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी राजेश एस के सतत् पर्यवेक्षण एवं कुशल मार्गदर्शन में विभिन्न टोलियों द्वारा भव्य ऐतिहासिक परेड में सहभागिता की गयी। मुख्य अतिथि मंत्री बेबी रानी मौर्य द्वारा झण्डा रोहण किया गया। 08 टोलियों में पारंपरिक वेशभूषा से सुसज्जित पुलिस के जवानों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गयी। मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। तदोपरान्त परेड द्वारा लयबद्ध हर्ष फायर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहित डीआईजी झांसी परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी, जिलाधिकारी अविनाश कुमार व एसएसपी राजेश एस ने रंग बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े।

परेड में शामिल पुलिस के जवानों की 8 टोलियों व इसके अतिरिक्त, यूपी 112, फायर सर्विस, रेडियो शाखा, श्वान दल, स्वाट टीम, महिला शक्ति मोबाइल आदि से बारी-बारी मंच से गुजरकर मंच पर उपस्थित मुख्य अतिथि को मान प्रणाम दिया गया। इसमें परेड प्रथम कमांड के रूप में सहायक पुलिस अधीक्षक झांसी विक्रम दहिया (IPS) , द्वितीय परेड कमाण्डर, सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षु) अंतरिक्ष जैन (IPS) तथा परेड के तृतीय परेड कमाण्डर उ0नि0स0पु0 राजेन्द्र सिंह रहे।

इसी क्रम में मुख्य अतिथि द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी श्री राजेश एस को डीजी स्वर्ण प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित किया गया। साथ ही साथ 3 अधिकारीगण क्रमशः 1. निरीक्षक रेडियो श्री लक्ष्मण प्रसाद यादव को डीजी रजत प्रशंसा चिन्ह व अति उत्कृष्ठ सेवा पदक, 2. निरीक्षक तुलसीराम पाण्डेय को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह तथा 3. निरीक्षक शिवकुमार सिंह को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया गया। मुख्य आरक्षी सशस्त्र पुलिस सीताराम को उत्कृष्ठ सेवा पदक से सम्मानित किया गया।
पीआरवी पर ड्यूटी के दौरान उत्तम ‘रिस्पांस टाइम’ बनाये रखते हुए सर्वाधिक इवेन्ट का निष्पादन करने वाले 10 अधिकारी/कर्मचारी गण को अपर पुलिस महानिदेशक 112 द्वारा प्रदत्त प्रशस्ति-पत्र को संबंधित को वितरित किया गया।