झांसी। बेटी के लिए वर देखकर घर लौट रहे बाइक पर सवार दो व्यक्तियों को दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों घायल हो गए। उन्हें झांसी मेडिकल कालेज कालेज लाया गया। जहां एक की मौत हो गई जबकि दूसरे को उपचार दिया जा रहा है।

मध्य प्रदेश में निवाड़ी जिले के कोतवाली क्षेत्र निवासी 56 वर्षीय नाथूराम पुरोहित की दो बेटियां और एक बेटा है। एक बेटी की शादी हो चुकी है जबकि दूसरी बेटी की शादी की तैयारी में लगा हुआ था। 17 मार्च को वह बेटी के लिए वर देखने अपने साथी भरत के साथ बाइक से बरुआसागर गया हुआ था। जहां से लड़का देख कर दोनों वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पम्प के पास अपाचे बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वह घायल दोनों घायल हो गए।

दोनों को उपचार के लिए झांसी मेडिकल कालेज लाया गया। यहां इलाज के दौरान नाथूराम की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल भरत को उपचार दिया जा रहा है। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।