झांसी। जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र की नई बस्ती में शनिवार को एक युवक ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर अचानक उस समय हंगामा हो गया जब मृतक को दो महिलाएं अपना अपना पति बताने लगीं और शव अपने साथ ले जाने पर अड़ गईं।

पुलिस के मुताबिक कोतवाली थाना क्षेत्र के नई बस्ती में जालौन के छोंक निवासी अरुण कुमार कुशवाहा (35) रहता था जबकि अरुण की पत्नी पूजा उसकी मां के साथ जालौन के घर में रहती है। इधर दूसरी पत्नी के साथ अरुण झांसी में नई बस्ती में एक किराए के मकान में रहता था। शनिवार की सुबह अरुण ने कतिपय कारणों से आत्महत्या कर ली। अरुण की आत्महत्या की खबर मिलते ही पहली पत्नी पूजा भी मां के साथ झांसी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गई। इसी बीच मप्र के जिला दतिया के लाहर हवेली भांडेर निवासी पूजा के पिता कालीचरण भी पहुंच गए। जबकि वहां पहले से अरुण की नई बस्ती में रहने वाली पत्नी वहां पहले से थी। उसे देख कर विवाद शुरू हो गया।

पूजा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की शादी चार साल पहले अरुण के साथ हुई थी. अरुण के दो बच्चे भी हैं। पूजा ने बताया कि उसकी पति अरुण से बात होती थी, यह महिला कौन है, इसके बारे में उसे कुछ भी नहीं पता है। इसके अलावा न ही अरुण ने उसे कभी इसके बारे में बताया था। पूजा ने आरोप लगाया है कि इसी महिला ने अरुण की हत्या की है। वह अपने पति का शव जालौन ले जाना चाहती है।

वहीं, झांसी में रहने वाली अरुण की दूसरी पत्नी फूलबती ने भी अरुण को अपना पति बताया। उसने कहा कि अरुण और वह दोनों लंबे समय से एक साथ रह रहे थे। दोनों ने मंदिर में शादी भी की थी। उसके पति की मौत कैंसर की वजह से हो गई थी। उसके 2 बच्चे भी हैं। अरुण ने उससे बताया था कि उसकी शादी हो चुकी है। इसके साथ ही उसके दो बच्चे भी हैं। इसके बाद भी उसे अरुण से कोई एतराज नहीं था। अरुण 3 वर्ष से नई बस्ती क्षेत्र के कई मकानों में रहा चुका है जबकि जहां अरुण की मौत हुई इस मकान वह दोनों 10 दिन पहले आए थे।

पुलिस ने बताया कि अरुण को फूलबती द्वारा जिला अस्पताल ले जाया गया था। सूचना पर पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी मिली है कि अरुण 3 साल से इसी इलाके में कई जगह किराए के मकान में रह चुका है। शव को लेकर पेंच फंसा है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।