डीआरएम ने विकास कार्यों की दी जानकारी, यूनियन व कर्मचारियों के योगदान को सराहा 

झांसी। मंडल रेल प्रबन्धक कार्यालय में 10 व 12 अप्रैल को रेलवे अधिकारियों तथा मंडल की मान्यता प्राप्त यूनियन एन.सी.आर.ई.एस. के मध्य मंडल स्तर पर 25वीं स्थाई वार्ता तन्त्र का आयोजन मंडल रेल प्रबन्धक डी. के. सिन्हा की अध्यक्षता में किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुये मंडल रेल प्रबन्धक डीके सिन्हा ने कहा कि प्रशासन तथा यूनियन पदाधिकारियों के मध्य इस तरह की बैठकों के माध्यम से कर्मचारी को होने वाली समस्याओं का समाधान तथा आपसी सौहार्द बढ़ता है। उन्होंने झॉसी मंडल में किये जा रहे विकास कार्यों के बारे में अवगत कराया गया कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में कुल राजस्व प्राप्ति में 8.21 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस वित्तीय वर्ष में धौलपुर खण्ड 96 किमी0 तीसरी लाईन (आगासौद- धौर्रा, झाँसी-दतिया, हेतमपुर- मुरैना) का कार्य एवं 61 किमी0 गेज कन्वर्जन (रायरू- कैलारस) का कार्य पूर्ण किया गया। रेलवे क्रासिंगों पर रेलवे ओवर ब्रिज तथा अंडर ब्रिज बनने के कारण संडक व रेल यातायात में होने वाली असुविधाओं पर विराम लगा है। इस दौरान 15 लेवल क्रासिंग बन्द हुये है तथा 12 गेट इन्टरलॉक हुये है। अनुकम्पा के आधार पर 92 मामलों का निस्तारण किया गया तथा 2084 कर्मचारियों को पदोन्नति व 694 को एम.ए.सी.पी. के माध्यम से वित्तीय उन्नय का लाभ दिया गया। सिंगल विंडो सैल के माध्यम से कर्मचारियों के 5435 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके साथ ही मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर जन अदालत, एच.आर.एम.एस., यू.एम.आई.डी. शिविरों का आयोजन किया गया। मंडल में 17120 से अधिक कर्मचारियों को उम्मीद कार्ड जारी किये जा चुके है तथा 306 कर्मचारियों का एनपीएस से ओपीएस के प्रकरण में एनएसडीएल से धनराशि प्राप्त कर भविष्य निधि खाते में जमा कर दी गई है। ये सभी कार्य युनियन तथा कर्मचारियों के सहयोग से ही संभव हो सके हैं। इस तरह की बैठक के माध्यम से कर्मचारी हितों से जुडे विषयों पर सार्थक व सुसंगत वार्ता के द्वारा समुचित समाधान होता है तथा अच्छे औद्योगिक संबंध विकसित होते है। सभी मुद्दों पर सौहृादपूर्वक चर्चा की गई।

इस दौरान एनसीआरईएस के मंडल अध्यक्ष रामकुमार सिंह के द्वारा ट्रांसफर पॉलिसी की बाध्यता का पुरजोर विरोध दर्ज किया जिसके कारण प्रशासन को संघ के आगे घुटने टेकने पड़े और 12 अप्रैल को प्रशासन के द्वारा इसकी बाध्यता को खत्म कर पत्र जारी कर दिया गया है। इसके लिए झांसी मंडल के सभी कर्मचारियों ने मंडल अध्यक्ष श्री रामकुमार सिंह जी को धन्यवाद दिया ।

 वह मुद्दे जिन्हें मंडल अध्यक्ष रामकुमार सिंह व सचिव भानु प्रताप सिंह चंदेल द्वारा मंडल रेल प्रबंधक सत्र में उठाया

1) 30-01-2024 को स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी स्थानांतरण पॉलिसी को रद्द कर किसी भी प्रकार की समय सीमा न लगाने की बात पर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा सहमति व्यक्त की गई एवं संशोधित आदेश जारी किये गए जिसमें स्थानांतरण पर रजिस्ट्रेशन के लिए किसी भी प्रकार की समय सीमा नहीं रखी जाएगी।
2) झांसी मंडल के सभी मालगाड़ी क्रू को 9+2 घंटे गाड़ी संचालन के लिए दिए जाने वाले मैमो पर कडा विरोध दर्ज कराया।
3) इंजीनियरिंग विभाग में 2400/- एवं 2800/- ग्रेड पे वाले ट्रेक मेंटेनर को आफिस में कार्य न कराकर चाबीमैन एवं मुकद्दम में कार्य कराया जाए।
4) आंतरी स्टेशन के पास स्थित सरकारी आवासों एवं समपार फाटक में पानी के लिए हैंड पम्प लगवाया जाए।
5) ओरछा स्टेशन की वर्क स्टडी कराकर 8 घंटे की ड्यूटी कराई जाए।
6) सहायक मंडल इंजीनियर /कानपुर द्वारा जूही डिपो के इंजीनियरिंग विभाग के हैल्पर की पोस्टिंग रोड साईड स्टेशन पर करने के आदेश पर रोक लगाई जाए।
7) परिचालन संरक्षा परिपत्र 01/2024 के द्वारा सहायक लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर पर लोड स्टेबल एवं लोड तैयार करने के लिए जारी अनावश्यक आदेश रद्द किए जाएं।
8) इंजीनियरिंग विभाग के जूनियर इंजीनियर को कानपुर में प्रशिक्षण के दौरान 100% यात्रा भत्ते का भुगतान किया जाए।
9) घाटमपुर डिपो के इंजीनियरिंग विभाग के 56 कर्मचारियों का वर्ष 2019 से वर्ष 2021 तक के यात्रा भत्ते का भुगतान किया जाए।
10) रनिंग स्टाफ के द्वारा राष्ट्रीय अवकाश के दिन अपनी छुट्टी लेने पर छुट्टी तो कम हो जाती है लेकिन सिस्टम से राष्ट्रीय अवकाश लगा दिया जाता है। इसमें तत्काल सुधार किया जाए।
11) रनिंग कर्मचारियों के कार्य के दौरान चोटिल होने पर बेसिक वेतन का एक प्रतिशत प्रतिदिन का भुगतान किया जाए।
12) मंडल रेल चिकित्सालय झांसी में वातानुकूलित यंत्र लगाने की प्रक्रिया पूरी की जाए एवं कचरा प्रबंधन की व्यवस्था में सुधार किया जाए।
13) प्रसूति विशेषज्ञ डाक्टर रेखा अग्रवाल को अलग कक्ष में मरीजों को देखने की व्यवस्था की जाए एवं सी एम पी चिकित्सकों से सामान्य मरीजों को देखने के लिए अलग व्यवस्था की जाए ताकि विशेषज्ञ चिकित्सकों के पास केवल गंभीर मरीजों को ही देखने का कार्य हो।
14) नर्सिंग स्टाफ को ड्यूटी पर आते और जाते समय वेशभूषा बदलने के लिए अलग कक्ष की व्यवस्था की जाए ताकि संक्रमित कपड़े बदले जा सकें।
15) टी टी ई रेस्ट हाऊस का निरीक्षण रनिंग रूम की निरीक्षण समिति की तरह कराया जाए ताकि गुणात्मक सुधार हो सके।
16) टी आर डी डिपो झांसी में लंबित मरम्मत कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाए ताकि शौच आदि के लिए कर्मचारियों को असुविधा का सामना न करना पडे।
17) कानपुर टिकट चैकिंग विश्राम गृह में व्याप्त अनियमितताओं के कारण स्टाफ को बहुत समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
18) निजामुद्दीन/नयी दिल्ली में महिला टिकट चैकिंग स्टाफ को आवंटित कक्ष में शौचालय की व्यवस्था न होने के कारण असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।
19) झांसी मंडल के रेल कर्मियों के लिए अर्द्ध वेतन अवकाश (HLAP) स्वीकृत करने के लिए स्पष्ट आदेश जारी करें।
20) झांसी स्टेशन पर प्वाइंट्स मैन के स्वीकृत पदों को शीघ्र भरा जाए।
21) विद्युत एवं डीजल शेड में मोबाइल नेटवर्क की समस्या को दूर करने के लिए लैंडलाइन फोन की अतिरिक्त व्यवस्था की जाए।
22) विद्युत एवं डीजल शेड के जूनियर एवं सीनियर सेक्शन इंजीनियर को रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पुनश्चर्या पाठ्यक्रम में भेजा जाए।
23) जब तक डीजल शेड में जाने के लिए उपरि पुल की व्यवस्था नहीं हो जाती है तबतक किसी भी कर्मचारी को थोड़ा भी विलंबित होने पर प्रताड़ित न किया जाए।
24) मालगाड़ी क्रू को प्राॅपर डी टी एन देकर उपयोग किया जाए एवं बार बार परिवर्तन न किया जाए।
25) वर्षों पूर्व चिकित्सकीय आधार पर विकोटिकृत रनिंग कर्मचारियों की स्क्रीनिंग कर पद स्थापना की जाए।
26) ट्रेक मेंटेनर का साइकिल अलाउंस का एरियर भुगतान शीघ्र किया जाए। एवं स्थानांतरण आदेश पर कार्यमुक्त किया जाए।
27) जूही रेलवे कालोनी में पानी की समस्या का निदान किया जाए।
28) ट्रेकमेंटेनर को राष्ट्रीय अवकाश दिया जाए अन्यथा की स्थिति में सी आर दिया जाए।

इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबन्धक/इन्फ्रा विवेक मिश्रा, अपर मंडल रेल प्रबन्धक/परिचालन आर0 डी0 मौर्या, मंडल के शाखा अधिकारी, एन.सी.आर.ई.एस. के मंडल अध्यक्ष रामकुमार सिंह, सचिव भानूप्रताप सिंह चंदेल व मंडल उपाध्यक्ष मनोज जाट, मंडल कोषाध्यक्ष टी पी सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष विवेक चड्ढा, उमर खान सहित अन्य सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे। PNM का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी ब्रजेश कुमार चतुर्वेदी, (सचिव/स्थाई वार्ता तन्त्र) द्वारा किया गया।