अतिरिक्त दहेज में भैंस, बाइक व वाशिंग मशीन की मांग को लेकर हत्या का आरोप

झांसी। पूंछ थाना क्षेत्र में शादी के 11 माह में ही युवती की संदिग्धावस्था में ससुराल में मौत हो गई। मायके पक्ष ने दहेज की मांग को लेकर ससुरालियों पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है जबकि, ससुराल पक्ष के कहना है मृतका ने आत्महत्या की है।

जिले के थाना बरुआसागर के सारौल निवासी विनोद परिहार की बेटी नेहा (21) की शादी 10 मई 2023 को पूंछ के तिगरकला गांव निवासी बेटू परिहार से हुई थी। दादा प्रीतम सिंह ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुराली नेहा को दहेज की खातिर प्रताड़ित कर रहे थे। रविवार को नेहा का उनके पास फोन आया था। उसने बताया था कि ससुराल में उससे दहेज में बाइक, भैंस और वॉशिंग मशीन लाने की मांग की जा रही है। इसके लिए उसका उत्पीड़न व मारपीट की जा रही है। इस पर नेहा से थ्रेसिंग का काम निपटने के बाद शनिवार को ससुराल पहुंच कर बात करने का आश्वासन दिया था लेकिन, शनिवार को नेहा के ससुर का फोन आया कि उसकी तबीयत बिगड़ गई है। उसका ब्लड प्रेशर कम-ज्यादा हो रहा है। इसके डेढ़ घंटे बाद ससुर ने फोन कर बताया कि नेहा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब वह सुसराल पहुंचे तो नेहा का शव जमीन पर रखा हुआ था। उन्होंने ससुरालियों पर दहेज की खातिर गला घोंटकर नेहा की हत्या करने का आरोप लगाया।

इस मामले में पुलिस ने बताया कि ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि नेहा को रिश्तेदारी में एक शादी में जाना था। वहां जाने के लिए उसने अधिक आभूषण पहन लिए थे। इस पर सास ने उसे ज्यादा गहने पहनने के लिए मना किया था। इसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया था और इसी बीच नेहा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

विगत दिवस नेहा से मायके वालों ने फोन पर जानकारी दी थी कि चचेरे भाई की शादी है। जिसमें शामिल होने के लिए वह उसे लेने आ रहे है। इससे पहले वह नेहा के ससुराल आते उन्हें रात्रि में जानकारी हुई कि नेहा की मौत हो गई। यह सुनते ही उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। वह नेहा के ससुराल पहुंचे और इसकी सूचना थाने की पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पति और ससुर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।