Oplus_131072

झांसी। लगभग पांच वर्ष से लापता जालौन जिले के एक व्यक्ति का शव झांसी स्टेशन पर लावारिस हालत में बरामद हुआ। परिजनों ने पोस्टमार्टम घर पहुंच कर शव की शिनाख्त की। बीमारी से मौत की आशंका जताई जा रही है।

बुंदेलखंड के जालौन जिले के एट थाना क्षेत्र के ग्राम ढगुआकला निवासी संदीप त्रिपाठी (48) का शव सोमवार को लावारिश अवस्था में झांसी रेलवे स्टेशन पर पड़ा मिला था। मृतक के बड़े भाई सेवानिवृत्त पुलिस उप निरीक्षक विनोद त्रिपाठी ने बताया कि दस साल पहले छोटा भाई संदीप सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। कुछ लोगों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया था। तब इस घटना की परिजनों को जानकारी नहीं लग पाई थी। सभी उसकी तलाश में जुटे हुए थे। इस घटना में उसकी याददाश्त चली गई थी और वह मेडिकल से ही लापता हो गया था।

लगभग पांच वर्ष पहले वह मिला था और डेढ़ महीने घर में रहने के बाद एक बार फिर से घर से चला गया था। सोमवार को जीआरपी ने स्टेशन पर उसका शव पड़े होने की सूचना दी। इसके बाद उन्होंने शव की शिनाख्त की। उन्होंने बताया कि मृतक संदीप को फिल्में देखने का शौक था। वह बारह साल की उम्र में घरवालों को बगैर बताए मुंबई चला गया था। जानकारी होने पर वे उसे वहां से वापस ले आए थे।

बता दें कि मृतक के चार भाई अच्छे पदों पर कार्यरत हैं। मृतक के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा शेखर (22) गाजियाबाद से इंजीनियरिंग कर रहा है। जबकि, छोटा अर्पित (19) घर पर रहकर ही पढ़ रहा है।