– झांसी नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में पदेन सदस्य के रुप में कर सकेंगे मतदान

झांसी। शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में विधान भवन में आयोजित समारोह में विधान परिषद सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने झांसी के रामतीर्थ सिंघल समेत सभी नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्यों को शपथ ग्रहण कराई। उनके शपथ लेने के साथ ही नगर निगम के अधिकारियों के सामने मौजूद धर्म संकट का हल हो गया है। अब नगर निगम के कार्यकारिणी चुनाव में नवनिर्वाचित एमएलसी रामतीर्थ सिंघल वोट डाल सकेंगे।

गौरतलब है कि जल्द ही झांसी नगर निगम कार्यकारिणी का चुनाव होना है।14 मार्च को प्रदेश में विधान परिषद के 13 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे। इसमें झांसी के पूर्व मेयर रामतीर्थ सिंघल भी शामिल थे। रामतीर्थ के एमएलसी निर्वाचित होने के तीन महीने बाद कल तक शपथ नहीं हो सकी थी। इससे नगर निगम में कार्यकारिणी के चुनाव में उनके मत का प्रयोग करने पर संशय था।

दरअसल, पहले नगर निगम ने 10 जून को लॉटरी पद्धति से छह सदस्यों को सेवानिवृत्त करने के लिए बैठक बुलाई थी मगर कार्यकारिणी सदस्यों के विरोध के चलते बैठक स्थगित कर दी गई। इसके साथ ही बताया गया कि जल्द ही बैठक कराकर चुनाव की तिथि भी घोषित कर दी जाएगी। चूंकि, नवनिर्वाचित एमएलसी रामतीर्थ भी नगर निगम सीमा अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में ही मतदाता हैं। ऐसे में वो भी नगर निगम के कार्यकारिणी चुनाव में मतदान कर सकते हैं।

शपथ नहीं लेने पर वो वोट डाल सकेंगे या नहीं, इसको लेकर संशय की स्थिति बनी थी, इस मामले में नगर निगम के अधिकारी भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहे थे। नगर निगम के अधिकारी कानूनी सलाह लेने की तैयारी कर रहे थे। एमएलसी रामतीर्थ सिंघल के शपथ लेने से इस मामले का अंत हो गया है।वहीं अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली है।