झांसी। जिले में एक हैरान/परेशान कर देने वाला ऐसा मामला सामने आया है जिसमें 2 साल पहले लव मैरिज की व पत्नी को सरकारी नौकरी की करवाई तैयारी, किंतु लेखपाल बनते ही बीवी ने उस पति को छोड़ दिया जिसने परिवार की खुशियों के लिए सब कुछ दांव पर लगा दिया।
झांसी। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एसडीएम ज्योति मौर्य का मामला काफी सुर्खियों में रहा और आज भी चर्चा में रहता है। अब ऐसा ही मामला झांसी में भी प्रकाश में आया तो सभी आश्चर्यचकित रह गए।
लेखपाल बनने के बाद पत्नी ने पति को छोड़ दिया है। दो साल पहले दोनों ने लव मैरिज की थी। पति पेशे से बढ़ई (कॉरपेंटर) है। उसने बीवी की सरकारी नौकरी की तैयारी की पूरी जिम्मेदारी उठाई। अब जब बीवी लेखपाल बन गई, तो पति को छोड़ दिया। यह मामला सोशल मीडिया व अखबारों की सुर्ख़ियों में है।
दरअसल, बुधवार को झांसी कलेक्ट्रेट के सभागार में डीएम नवनियुक्त लेखपालों को नियुक्ति पत्र बांट रहे थे, तभी नीरज विश्वकर्मा अपनी बीवी ऋचा सोनी को खोजते हुए वहां पहुंच गया। उसने बताया कि 5 साल पहले दोस्त के जरिए उसकी मुलाकात ऋचा से हुई थी। दोनों में दोस्ती हुई और दोस्ती कब प्यार में बदल गई पता नहीं चला। 6 फरवरी 2022 को दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली और दाम्पत्य जीवन व्यतीत कर रहे थे। नीरज ने बताया कि उसने ऋचा को सरकारी नौकरी की तैयारी करवाई और कोचिंग की फीस भी भरी। 2022 में यूपी लेखपाल पद में जब भर्ती निकली, तो उसने खुद बीवी का फॉर्म भरवाया। 2023 में बीवी ऋचा ने परीक्षा पास कर ली। उसकी इस सफलता पर घर में खुशी थी। सब कुछ ठीक चल रहा था।
जनवरी 2024 में ऋचा कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। वह ससुराल पहुंचा, तो ससुरालीजनों ने बीवी को मायके नहीं आने की बात कहकर वापस भेज दिया। नीरज ने बीवी के लापता होने की तहरीर पुलिस को दी। तहरीर मिलने के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने ऋचा को ढूंढ़ लिया। कोतवाली में ऋचा ने बताया कि वह लेखपाल बन गई है, जबकि पति कॉरपेंटर है। ऐसे में दोनों का मेल नहीं है। पति नीरज ने आरोप लगाया है कि बीवी ऋचा उससे बातचीत करना बंद कर दिया है और उसका फोन भी नहीं उठाती है। बुधवार को नीरज को जब पता चला कि बीवी ऋचा लेखपाल का प्रमाण पत्र लेने पहुंची है, तो वह भी पहुंच गया। वह मुख्य गेट पर बीवी ऋचा का इंतजार करता रहा और बीवी बैकडोर से निकल गई।
पत्नी की बेवफाई व मतलब परस्ती से दुखी नीरज ने इस मामले में डीएम को एक पत्र दिया है। देखना है नीरज को उसकी पत्नी फिर से मिलती है या नहीं।