आरोपी पर मुकदमा दर्ज, उप निरीक्षक निलंबित
झांसी। पुत्र द्वारा लिए गए कर्ज की वसूली के लिए सूदखोर द्वारा लगातार दी जा रही धमकियों से मानसिक रूप से परेशान एक 49 वर्षीय कपड़ा व्यापारी ने फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने मुख्य सड़क पर शव रखकर जैम लगा दिया। इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और लापरवाही में थाने के उपनिरीक्षक को निलम्बित कर दिया गया है।
जिले के गुरसरांय थाने की पुलिया के निकट निवासी इन्द्र पाल (49) कपड़े का कारोबार करता है। 21 जून को उसकी दुकान पर ग्राम बरगांय अहीर निवासी राम नरेश यादव पहुंचा। आरोप है कि उसने इंद्रपाल के पुत्र मयंक द्वारा उससे लगभग 18 लाख रुपए उधार लेने की पर रकम चुकाने का दबाव बनाया।
इस पर इन्द्र पाल ने उसकी बिना जानकारी के पुत्र द्वारा लिए गए कथित क़र्ज़ पर आपत्तियां जताई। इस आरोपी ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। आरोप है कि उसी रात में आरोपी ने पुनः फोन पर इन्द्र पाल को धमकी देते हुए मानसिक उत्पीड़न किया। इससे इन्द्र पाल तनाव में आ गया और उसने 26 जून की रात में घर में फंदा कस कर आत्महत्या कर ली।
इस घटनाक्रम से परिवार में कोहराम मचा है। इस मामले में उस समय मोड़ आ गया जब परिजनों व शुभचिंतकों ने शव को अंतिम संस्कार हेतु ले जाए जाते समय श्मशान घाट के सामने मुख्य सड़क पर शव रखकर जैम लगा कर आरोपी की गिरफ्तारी व प्रकरण में उप निरीक्षक वीरपाल सिंह यादव को निलम्बित करने की मांग की गई।
इस पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में मृतक के भाई सुरेश कुमार की तहरीर पर आरोपी रामनरेश यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और 24 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया गया। मृतक के पुत्र मयंक साहू ने थाने के उप निरीक्षक वीरपाल सिंह यादव द्वारा आरोपी का पक्ष लेकर उसे धमकी देने की जानकारी देते हुए निलंबित करने की मांग की। इस पर थानाध्यक्ष द्वारा अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। इस पर उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया।














