झांसी। नव वर्ष के पहले दिन ही झांसी को ऐसी एक सौगात मिली है जिसकी लम्बे समय से प्रतीक्षा थी। झांसी में ग्वालियर रोड ओवरब्रिज की दूसरी लाइन को आज लोकार्पित कर दिया गया। जन समुदाय के बीच सांसद अनुराग शर्मा और सदर विधायक रवि शर्मा ने पुल की दूसरी लाइन का लोकार्पण किया। सुबह करीब 11:30 बजे सांसद व विधायक ने पुल की दूसरी लाइन का शुभारंभ किया।
विधायक ने सांसद को बैठाकर ओवरब्रिज की लोकार्पित लाइन पर फॉर्च्यूनर गाड़ी दौड़ाई। इसके बाद पुल की लोकार्पित लाइन पर वाहन फर्राटा भरने लगे। गौरतलब है कि 15 माह पहले ग्वालियर रोड ओवरब्रिज की एक लाइन शुरू की गई थी। दूसरी लाइन का कार्य जारी था। इसके पूर्ण होने पर आज जन सामान्य के लिए खोल दिया गया। लोहे का धनुषाकार ढांचा वाला यह बुंदेलखंड का पहला पुल है। अभी स्ट्रीट लाइट का काम बाकी है। साथ ही पुल के दोनों ओर जाली भी लगाई जानी है, ताकि लोग नीचे न देख सकें। 50 साल के यातायात को ध्यान में रखकर ये पुल बनाया गया है
991.91 मीटर लंबा है ओवरब्रिज
दरअसल, शासन ने दिसंबर 2021 में ग्वालियर रोड पर सिद्धेश्वर मंदिर से ग्वालियर रोड पुलिस चौकी के आगे तक ओवरब्रिज बनाने की स्वीकृति दी थी। 991.91 मीटर लंबा ओवरब्रिज 102.73 करोड़ रुपए की लागत से बनकर तैयार हुआ है। सेतू निगम द्वारा मार्च 2022 में इसके निर्माण का काम शुरू किया था। सबसे पहले एक लाइन को कंप्लीट कर 2 अक्टूबर 2023 को चालू किया गया था। इसके बाद दूसरी लाइन मार्च 2024 तक तैयार होनी थी, कतिपय कारणों के चलते काम समय से पूरा नहीं हो पाया। 31 दिसंबर को दूसरी लाइन को कंप्लीट कर लिया गया।
जिस जगह ओवरब्रिज बना है, वहां दिनभर में कई बार जाम की स्थिति बन जाती थी। कानपुर रेलवे रूट पर रोजाना 100 से अधिक सवारी गाड़ी और मालगाड़ी गुजरती हैं, ऐसे में ग्वालियर रोड रेलवे फाटक 24 घंटे में करीब 14 घंटे बंद रहता था। इस रोड से हजारों की संख्या में वाहन गुजरते थे। इसलिए दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती थी। अब ओवरब्रिज की सौगात मिलने से जाम से छुटकारा मिलेगा।
सांसद व विधायक बोले- रिकॉर्ड टाइम में बनकर तैयार हुआ
सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि ग्वालियर हाइवे से शहर को जोड़ने का यह मुख्य मार्ग है। इससे झांसी और आसपास के लोगों को फायदा होगा। यह ओवरब्रिज रिकॉर्ड टाइम में बनकर तैयार हुआ है।
विधायक रवि शर्मा ने कहा कि कई प्रांतों व फोर लाइन को जोड़ने वाले इस मार्ग की जब रेलवे क्रॉसिंग बंद होती थी तो आवागमन ठप्प होने से शहर लगभग बंधक हो जाता था। ऐसे में झांसी की मांग को देखते हुए सरकार में ओवरब्रिज के प्रस्ताव को रखा गया। मुख्यमंत्री ने तुरंत स्वीकृति प्रदान की। यह कम समय में बनकर तैयार हो गया। इससे लोगों को काफी लाभ होने वाला है।