झांसी। 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर झांसी मंडल के बबीना रेलवे स्टेशन को पूर्ण रूप से महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित करने की अनूठी पहल की गई। इस पहल के तहत 40 महिला कर्मचारियों ने रेलवे के विभिन्न विभागों में अपनी दक्षता और कार्यकुशलता का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर परिचालन, वाणिज्य विभाग, सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग,टीआरडी (ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन) विभाग,इंजीनियरिंग विभाग, सी एंड डब्ल्यू (कोचिंग एवं वैगन) विभाग से 40 महिला कर्मचारियों द्वारा स्टेशन का कुशल संचालन किया गया I
बबीना रेलवे स्टेशन को पूर्ण रूप से महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित करने का उद्देश्य महिलाओं को रेलवे परिचालन में अधिक सक्रिय भागीदारी देने के साथ-साथ महिला नेतृत्व को प्रोत्साहित करना है।
मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “महिलाएं रेलवे के हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। बबीना स्टेशन को महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित करना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।”
महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्वेता सिन्हा ने कहा, “यह कदम यह सिद्ध करता है कि महिलाएं न केवल तकनीकी और परिचालन जिम्मेदारियों को संभाल सकती हैं, बल्कि नेतृत्व भी कर सकती हैं।”
इस अवसर पर उपस्थित सभी रेल कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में माउन्ट लिट्रा ज़ी की टीचर्स और स्टाफ द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। जिसकी सभी ने सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक कुलदीप स्वरूप मिश्रा, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) श्री आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री अखिल शुक्ला, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री बृजेश चतुर्वेदी, महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्ष श्रीमती ममता मिश्रा सह सचिव श्रीमती प्रियंका गुप्ताएवं श्रीमती रचना चतुर्वेदी, मंडल जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज कुमार सिंह उपस्थित रहे। रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने महिला सशक्तिकरण को और अधिक बढ़ावा देने का संकल्प लिया।