मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाएं सम्मानित
रायपुर (छत्तीसगढ़), 8 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विप्र फाउंडेशन के तत्वावधान में ‘नारी तू नारायणी’ कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी कौशल्या देवी ने वरिष्ठ पत्रकार एवं समाज सेविका मेघा तिवारी को उनके निर्भीक पत्रकारिता एवं महिलाओं को जागरूक करने में अतुलनीय योगदान के लिए सम्मानित किया।
मेघा तिवारी : निडर पत्रकारिता की मिसाल
सम्मान समारोह में कौशल्या देवी ने मेघा तिवारी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा, “मेघा तिवारी न केवल पत्रकारिता के क्षेत्र में बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाया है और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उनकी निडर पत्रकारिता और समाज सेवा प्रेरणादायक है। पूरा छत्तीसगढ़ उनके योगदान पर गर्व करता है।” इसके साथ ही कौशल्या देवी ने देशभर की महिला पत्रकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस क्षेत्र में कार्य करने के लिए अदम्य साहस और समर्पण की आवश्यकता होती है।
विभिन्न क्षेत्रों की महिलाएं सम्मानित, दिव्यांगों को सामग्री वितरित
विप्र फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह में न केवल पत्रकारिता बल्कि साहित्य, समाज सेवा और अन्य विविध क्षेत्रों में विशेष उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान 51 महिला सफाई कर्मियों एवं दिव्यांग महिलाओं को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग बच्चियों को उनकी आवश्यक जरूरतों की पूर्ति हेतु आवश्यक सामग्री भी वितरित की गई।
विप्र फाउंडेशन की अध्यक्ष पिंकी बंजारे ने इस अवसर पर कहा, “यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि हम समाज के विभिन्न वर्गों से आने वाली उन महिलाओं को सम्मानित कर रहे हैं, जिन्होंने अपने कठिन परिश्रम और संकल्प से अपनी अलग पहचान बनाई है। हमारा उद्देश्य महिलाओं के योगदान को पहचान देना और उन्हें प्रोत्साहित करना है।”
समारोह में कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें प्रमुख रूप से रायपुर महापौर मीनल चौबे, संरक्षक सत्य नारायण शर्मा, कोषाध्यक्ष आभा जोशी, महामंत्री वंदना शर्मा, अन्य विशिष्ट अतिथि सरोज शर्मा, आरती पाठक आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
विप्र फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली महिलाओं को न केवल पहचान मिलती है, बल्कि अन्य महिलाओं को भी प्रेरणा मिलती है कि वे अपने सपनों को साकार करने के लिए आगे बढ़ें।