झांसी। 20 मई को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बबीना विधानसभा (जनपद झांसी) के विधायक राजीव सिंह पारीछा ने शिष्टाचार भेंट की। यह भेंट सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई जिसमें बबीना क्षेत्र से संबंधित कई विकासात्मक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
विधायक राजीव सिंह पारीछा ने मुख्यमंत्री को बबीना विधानसभा की विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं से अवगत कराया। इसमें प्रमुख रूप से ग्रामीण सड़कों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति, सिंचाई साधनों का विस्तार, और शिक्षा के क्षेत्र में संसाधनों की बढ़ोत्तरी आदि विषय उठाए गए।
मुख्यमंत्री ने सभी विषयों को गम्भीरता से लेते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी दोहराया कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर क्षेत्र में संतुलित और समावेशी विकास सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर विधायक राजीव सिंह पारीछा ने योगी सरकार द्वारा प्रदेश में किए जा रहे अभूतपूर्व विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था की मजबूती और आमजन के जीवन स्तर में हुए सुधार की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में बबीना विधानसभा को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में निरंतर प्रगति हो रही है।