झांसी। जनपद के गुरसरांय थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अस्ता के पास बारातियों से भरी कार अचानक असंतुलित होकर नहर किनारे एक पुलिया से जा टकरा कर खाई में गिर गयी। इस दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दरअसल, जिला जालौन के थाना कुठोंद अंतर्गत शेखपुर बुजुर्ग निवासी अशोक सिंह सेंगर के पुत्र रामराजा का विवाह थाना गुरसरांय अंतर्गत ग्राम कुरैठा निवासी भूपेंद्र सिंह चंदेल की पुत्री काजल के साथ तय हुई थी। अशोक सिंह सेंगर अपने पुत्र की बारात लेकर गुरसरांय आए थे। शारी समारोह गुरसरांय के एक गेस्ट हाउस में संपन्न हो गया। समारोह में दावत खाने के बाद आधा दर्जन लोग कार में सवार होकर रात लगभग 12 बजे लौटकर अपने ग्राम शेखपुर जा रहे थे। जैसे ही कार ग्राम अस्ता के पास नहर की पुलिया के किनारे पहुंची तभी अचानक ड्राइवर ने अपना संतुलन खो दिया और कार नहर की पुलिया से टकराते हुए खाई में जा गिरी। इस घटना में कार सवार 26 बर्षीय भूपेंद्र पुत्र चित्रपाल, 38 वर्षीय जितेंद्र पुत्र सुरेंद्र, 35 वर्षीय राजेन्द्र पुत्र राजू सिंह सभी निवासी शेखपुर बुजुर्ग थाना कुठौंद की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। इसके अलावा 20 वर्षीय पवन सिंह पुत्र रघुनाथ सिंह व 27 वर्षीय जितेंद्र सिंह पुत्र कुंदन सिंह निवासी ठर्रा थाना ककरबई जिला झांसी, 40 वर्षीय कोमल सिंह पुत्र राजपाल सिंह निवासी शेखपुर बुजुर्ग थाना कुठौंद जिला जालौन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार में सवारों को रक्त रंजित हालत मेंं बाहर निकाला और उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय ले गए। जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। तीन की हालत गंभीर होने पर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।