झांसी। उमरे के झांसी रेलवे स्टेशन पर भीषण गर्मी को देखते हुए ट्रेन की प्रतीक्षा करने वाले यात्रियों को बैठने की समुचित व्यवस्था कर दी गयी है। इस व्यवस्था से यात्रियों ने राहत की सांस लेते हुए रेल प्रशासन को धन्यबाद दिया है।
गौरतलब है कि रेलवे द्वारा यात्री सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाता है ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामाना नहीं करना पड़े। झांसी स्टेशन पर प्लेटफार्म नम्बर एक पर स्टेशन डायरेक्टर कक्ष के निकट स्थित महिला व पुरुष विश्रामालय पुन: निर्माण की प्रक्रिया के चलते कई माह से बंद पड़े हुए हैं। इसके कारण उन यात्रियों को परेशानी का सामाना करना पड़ रहा था जिन्हें ट्रेन का इंतजार करना होता था। इस भीषण गर्मी में यात्री प्लेटफार्म पर भटकते रहते थे। हाल के निरीक्षणों में यह स्थिति प्रकाश में आने पर मण्डल रेल प्रबन्धक द्वारा इस तरह के यात्रियों को बैठने की व्यवस्था स्टेशन डायरेक्टर कक्ष के गलियारे में करने के निर्देश दिए। इसके तहत गत दिवस उस गलियारे में स्टली की लगभग बीस बैंच लगा दी गयीं। इसके साथ ही आधा दर्जन पंखे व दो कूलर की व्यवस्था कर दी गयी। इस व्यवस्था से प्लेटफार्म पर मारे-मारे घूमने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली। यात्रियों द्वारा इस सुविधा का लाभ उठा कर रेल प्रशासन को धन्यबाद दिया।