झांसी। झांसी-दिल्ली लाइन पर झांसी स्टेशन के नजदीक एक युवक चलती ट्रेन (22456 कालका एक्सप्रेस) से गिर कर घायल हो गया। घायल यात्री का आरोप है कि उसे धक्का देकर गिराया गया है। पुलिस ने उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
बताया गया है कि दिल्ली से चल कर झांसी की ओर आ रही 22456 कालका एक्सप्रेस आ रही थी। ट्रेन जब झांसी स्टेशन के नजदीक आउटर पर धीमी गति से चल रही थी तभी अचानक ट्रेन के एक कोच से एक यात्री नीचे गिर गया। घायल को देख स्थानीय लोगों ने सीपरी बाजार थाना पुलिस को सूचित किया। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घायल ने अपना नाम गुलाब सिंह निवासी हरियाणा बताया। घायल का आरोप है कि वह कोच में एक महिला के बैग के पास बैठा हुआ था। जिस पर उसे चोर समझकर महिला विवाद करने लगी। महिला को जब रोका तो उसने ट्रेन से उसे धक्का दे दिया। जिसके कारण वह चलती ट्रेन से वह गिरकर घायल हो गया।