जीएम ने कहा – वंदे भारत ट्रेनों का उच्च स्तरीय रखरखाव किया जाए
जीएम ने झांसी रेल मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए निर्देश
झांसी। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस रुम में आयोजित बैठक में उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक उपेन्द्र चन्द्र जोशी द्वारा झांसी रेल मंडल में चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। मंडल में चल रहे विकास कार्यों पर आधारित एक प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया। प्रेजेंटेशन के माध्यम से ग्वालियर रेलवे स्टेशन, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेश तथा खजुराहो रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्य के बारे में जानकारी दी गई।
महाप्रबंधक द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तैयार किया जा रहे स्टेशनों के संबंध में जानकारी ली और स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को विकसित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही स्टेशनों पर चल रहे कार्यों में उच्च गुणवत्ता के मैटेरियल इस्तेमाल करने तथा संरक्षा संबंधित मानकों का पालन करने के लिए भी कहा गया।
महाप्रबंधक द्वारा रेल मदद ऐप को एक आवश्यक टूल के रूप में इस्तेमाल करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि ऐप द्वारा प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के साथ ही समस्या के मूल निराकरण पर भी ध्यान दिया जाए। ऐसा करने से एक प्रकार की शिकायत दोबारा नहीं आएगी। यात्री सुविधाओं में भी बढ़ोतरी होगी।
महाप्रबंधक द्वारा उद्योग जगत से वार्ता कर लोडिंग वृद्धि के संबंध में चर्चा करते हुए कहा गया कि नए संस्थानों और फैक्ट्री को जोड़ने का प्रयास किया जाए। उन्हें मालवाहक वाहनों के बारे में जानकारी देते हुए उनके लाभ के बारे में बताया जाए। इससे राजस्व की बढ़ोतरी होगी।
महाप्रबंधक द्वारा महाकुंभ 2025 में रेलवे द्वारा किए गए कार्यों का उदाहरण देते हुए कहा गया कि महाकुंभ ने हमें बेहतर तरीके से भीड़ प्रबंधन करना सिखाया है। महाकुंभ में हमने जिस तरह से संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए यात्रियों को सुविधा दी है, उसी तरह सभी विशेष अवसरों, त्योहार तथा परीक्षाओं के अवसर पर आने वाली भीड़ को संभालने कार्य किया जाए। विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते रहना चाहिए।
महाप्रबंधक द्वारा रेल कोच नवीनीकरण कारखाना में चल रहे कार्यों के बारे में जानकारी ली गई। उनके द्वारा कारखाना में हो रहे कार्य को संतोषजनक पाया गया। बेहतर कार्य करने के लिए कुछ आवश्यक सुझाव भी दिए गए। महाप्रबंधक द्वारा वंदे भारत ट्रेनों का उच्च स्तरीय रखरखाव पर विशेष जोर दिया।
महाप्रबंधक द्वारा वैगन मरम्मत कारखाना की समीक्षा करते हुए कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की गई। कारखाना द्वारा निर्धारित लक्ष्य से अधिक वेगन की मरम्मत की जा रही है। इसके साथ ही कारखाना में पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इन सभी कार्यों की प्रशंसा करते हुए कुछ आवश्यक सुझाव भी दिए गए। श्री जोशी द्वारा विभिन्न लोको शेड्स में चल रहे कार्यों की भी जानकारी ली गई। शेड और कारखाना में कार्य कर रहे कर्मचारियों को यूनिफॉर्म, हेलमेट तथा अन्य सुरक्षा संबंधित उपकरण की उपलब्धता सुनिश्चित करवाने की निर्देश दिए गए।
महाप्रबंधक द्वारा ट्रैक दोहरीकरण और तीसरी लाइन की कार्य प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया। उन्होंने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। रेलवे ट्रैक पर स्पीड को बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। रेलवे ट्रैक पर कवच को स्थापित करने की कार्य प्रगति के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशानिर्देश दिए। प्रारम्भ में महाप्रबंधक का स्वागत मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा द्वारा किया गया।
समीक्षा बैठक के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक/इंफ्रा प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन नंदीश शुक्ल, मुख्य कारखाना प्रबंधक/रेल कोच नवीनीकरण कारखाना अतुल कन्नौजिया, मुख्य कारखाना प्रबंधक/वैगन मरम्मत कारखाना अजय श्रीवास्तव, मुख्य कारखाना प्रबंधक/सी एम एल आर बृजेश कुमार पांडेय, मुख्य परियोजना प्रबंधक/निर्माण एस के गुप्ता सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।