मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
झांसी। जिले के पूंछ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेरसा में 20 वर्षीय युवती ने पति के अन्य महिला से अवैध संबंधों से दुखी हो कर आत्महत्या कर ली। मायके पक्ष का कहना है कि पति का गांव की एक महिला से प्रेम प्रसंग था। कीर्ति ने कुछ माह पहले उन दोनों को रंगेहाथ पकड़ा था। उस विवाद के चलते कीर्ति की मौत हुई। उन्होंने उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने किसी तरह समझा-बुझाकर उनको शांत कराया।
जिला महोबा के कुरार गांव निवासी कीर्ति की शादी 9 जुलाई 2024 को मोंठ के सेरसा निवासी मोहित राजपूत से हुई थी। मोहित एक दुकान में काम करता है। कीर्ति के परिजनों का कहना है शादी के बाद एक महिला को लेकर कलह शुरू हो गई। जुलाई माह में कीर्ति ने घर पर पति को एक महिला के साथ अंतरंग परिस्थितियों में देख लिया। इससे वह दुखी रहने लगी थी। दंपती के बीच अक्सर मारपीट होने लगी।
रविवार दोपहर कीर्ति ने अपनी बहन हृर्देश को फोन करके बताया कि मोहित उसे बेल्ट से पीट रहा है। अब वह जिंदा नहीं बचेगी। शाम को ससुराल से कीर्ति के फंदा लगा लेने की बात बताई गई। कुछ देर बाद मायके पक्ष के लोग पहुंच गए। उन लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। गांव के लोग जमा हो गए। सूचना पर पुलिस भी आ गई।
पुलिस को देख पति समेत ससुरालजन वहां से भाग निकले। पुलिस ने शव को खिड़की तोड़कर फंदे से नीचे उतारा। कीर्ति तीन बहनों में सबसे छोटी थी। मां-बाप की कई साल पहले मौत हो चुकी। भाई और रिश्तेदारों ने ही उसकी शादी की थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।