मानदेय बढ़ोतरी को लेकर मेडिकल कॉलेज के इंटर्न चिकित्सकों ने किया प्रदर्शन

0
29
Oplus_16908288

झांसी। मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर मेडिकल कॉलेज में इंटर्न चिकित्सकों ने एक दिन की भूख हड़ताल कर जोरदार प्रदर्शन करते हुए मार्च निकालकर अपना मानदेय बढ़ाने की मांग करते हुए प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा।

सोमवार को महारानी लक्ष्मी बाई मेडिकल कॉलेज में तैनात एम बी बी एस इंटर्न के चिकित्सकों ने एक दिवसीय भूख हड़ताल की। दोपहर लगभग 12 बजे सभी ओपीडी के बाहर एकत्र हो गए और नारेबाजी करने लगे। यहां से सड़क पर उतर कर बैनर पोस्टर लेकर मार्च निकाल कर जोरदार प्रदर्शन किया। सभी प्रिंसिपल ऑफिस पहुंचे और ज्ञापन दिया।

इस दौरान उन्होंने अपनी मांग रखते हुए कहा कि उनका चार सौ रुपए प्रतिदिन का मानदेय है, जिसे बढ़ाकर तीस हजार रुपए महीना किया जाए। उन्होंने कहा कि इस महंगाई के दौर में उन्हें चार सौ रुपए प्रतिदिन का मानदेय दिया जा रहा है, जिससे उसका गुजारा नहीं हो पा रहा है। इस दौरान प्रदर्शन में अनेक सीनियर चिकित्सकों ने भी उनका समर्थन किया।

इंटर्न एम बी बी एस चिकित्सकों ने प्रदर्शन के माध्यम से चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनका मानदेय नहीं बढ़ाया गया तो वह इससे बड़ा आंदोलन करेंगे। इंटर्न डॉक्टर मोहित मंगल ने बताया- अभी मेडिकल कॉलेज में 144 इंटर्न डॉक्टर है। जो अपनी सेवाएं इमरजेंसी, आईसीयू समेत हर जगह 12 से 14 घंटे तक दे रहे हैं। कई बार 24-24 घंटे भी ड्यूटी कर रहे हैं। संडे को भी काम करते हैं। फिर अंत में 12 हजार मानदेय मिलता है। जो सम्मानजनक मानदेय नहीं है।

लास्ट टाइम हम लोग डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और सीएम योगी से मिले थे और ज्ञापन दिया था। हमें आश्वासन मिला था कि मानदेय बढ़ाया जाएगा, लेकिन अभी तक नहीं बढ़ा। इंटर्न डॉक्टर प्रीतम पांडेय ने बताया- उन्हें एक दिन के 400 रुपए मिलते हैं। यानी महीने के मात्र 12 हजार रुपए। वह चाहते हैं कि इसे बढ़ा कर 30 हजार रुपए किया जाय। अन्य राज्यों में 25 हजार और 30 हजार रुपए दिया जाता है। कहीं-कहीं पर 40 हजार रुपए भी है। सेम पढ़ाई, सेम नीट की परीक्षा, बराबर मरीज देखने के बाद भी हमारे साथ सौतेला व्यवहार किया जाता है। उन्होंने कहा आज भूख उपवास किया है, अगर मांग पूरी नहीं हुई तो भूख हड़ताल करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here