फसल बीमा प्रीमियम जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ा कर 31 अगस्त की जाए 

0
35

झांसी। गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही से मुलाकात कर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल बीमा प्रीमियम जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ा कर 31 अगस्त किए जाने की मांग उठाई। इस संबंध में उन्होंने कृषि मंत्री को एक पत्र भी सौंपा। विधायक के पत्र पर कृषि मंत्री ने कहा कि इस प्रस्ताव को मंगलवार को होने वाली कैबिनेट की बैठक में लाया जायेगा।

विधायक ने मंत्री को सौंपे पत्र में बताया कि जनपद झांसी के हजारों किसान तकनीकी कारणों एवं पोर्टल के समय पर सुचारु रूप से संचालित न होने के कारण प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने से वंचित रह गए हैं। पोर्टल पर आई तकनीकी समस्याओं के चलते अनेक किसान निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी फसलों का बीमा नहीं करा सके।

उन्होंने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि बीमा कंपनी से जुड़ी औपचारिकताओं में विलंब होने के कारण बैंकों एवं निजी एजेंसियों के माध्यम से भी किसानों का बीमा नहीं हो पाया। जबकि वर्तमान में खरीफ सीजन में धान की रोपाई के साथ-साथ तिल, उड़द, मूंग, मूंगफली, ज्वार, मक्का और अरहर जैसी फसलों की बुवाई का कार्य जारी है।

विधायक जवाहर लाल राजपूत ने कृषि मंत्री से आग्रह किया कि किसानों के व्यापक हितों को देखते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्रीमियम जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त, 2026 तक बढ़ाई जाए, ताकि झांसी सहित प्रदेश के लाखों किसान अपनी फसलों का बीमा कराकर योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here