झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि कार्यक्रम के दौरान हुए हंगामा व रिपोर्ट दर्ज करने के विरोध में सपा के पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव पार्टी पदाधिकारियों के साथ एस एस पी ऑफिस पहुंचे।
प्रतिनिधि मंडल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति से मिला। डा चन्द्रपाल ने बताया कि रिपोर्ट में नाम नहीं हैं, फिर भी घर से उठा लिया गया है। उन्होंने उक्त मामले की निष्पक्ष जांच और पीडीए के पक्ष से दी गई तहरीर पर भी मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
इस दौरान डॉ. चंद्रपाल ने मीडिया से कहा-सत्ता के नशे में चूर कुछ लोग विद्यार्थियों का इस्तेमाल कर अराजकता फैला रहे हैं। एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दिया गया, जबकि पीडीए नेताओं की शिकायत पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी कार्रवाई एकतरफा है। पीडीए के खिलाफ दर्ज मुकदमे में जिन लोगों के नाम नहीं हैं, उन्हें भी उनके घरों से बुलाकर पकड़ा जा रहा है। उनका कहना है कि प्रशासन को निष्पक्ष और सम्यक जांच सुनिश्चित करनी चाहिए। प्रतिनिधि मंडल में जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र सिंह भोजला, महानगर अध्यक्ष तनवीर आलम, पूर्व मंत्री अजय सूद, सतीश जतारिया समेत दर्जनों सपा नेता उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि शुक्रवार को मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि कार्यक्रम के दौरान सपा, कांग्रेस और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। बवाल इतना बढ़ गया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री की गाड़ी छात्र-छात्राओं के घेरे में ढाई घंटे तक फंसी रही। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से तहरीर लेकर स्थिति शांत कराई। इसके बाद सपा नेताओं और कांग्रेस के पूर्व मंत्री के खिलाफ बलवा करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया।