


झांसी। बुंदेलखंड विवि के सामने 7 वर्ष पुरानी प्रेम कहानी का फुटपाथ पर जिस तरह से दर्दनाक अंत हुआ उसने सभी को झकझोर दिया है। आज का दिन दोनों के लिए बेहद खास था, किंतु ऐसा क्या हुआ कि खुशियां मौत के आगोश में खो गईं !
दरअसल, ललितपुर निवासी मनीष साहू और कृतिका चौबे के बीच 7 साल पहले दोस्ती हुई थी और देखते ही देखते दोनों एक दूसरे से प्रेम करने लगे। दोनों ने न जाने कितने मधुर पल एक दूसरे के साथ व्यतीत किए। इसके गवाह हैं मधुर पलों के उनके वीडियो व फोटो।
सूत्रों की मानें तो मनीष का विवाह होने के साथ ही दोनों में अलगाव हो गया था, किंतु दोनों अपने प्यार को भूल नहीं पाये थे। इसी बीच प्रेमिका कृतिका MBA करने के लिए झांसी आ गई। वह यूनिवर्सिटी के पीजी हॉस्टल में रह कर पढ़ाई कर रही थी। उधर, प्रेमिका का अलगाव बरदास्त नहीं कर पाने से उसकी चाहत में मनीष अपनी पत्नी को तलाक दे चुका था।
मनीष फिर से कृतिका से अपने संबंध हरे करने के लिए भटक रहा था। आज दोनों के प्रेम संबंध को सात साल पूरे हुए थे। इसलिए आज का दिन दोनों के लिए बहुत खास था और इस दिन को खास बनाने के बहाने कृतिका से मिलने के लिए मनीष झांसी आया। उसके मन में कुछ ऐसा चल रहा था जो आरपार की श्रेणी का था तभी तो वह तमंचा कारतूस लेकर आया था। मनीष के बुलाने पर कृतिका यहां बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के गेट पर मिली।
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के गेट के पास फुटपाथ पर खडे होकर दोनों बात कर रहे थे। इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया और मनीष साहू ने तमंचा निकाल कर कृतिका के सीने पर गोली चला दी। गोली लगने से कृतिका लहूलुहान होकर गिर गई। इसके बाद मनीष ने एक गोली खुद को मार कर जान दे दी और पलक झपकते ही सात साल पुरानी प्रेम कहानी ने फुटपाथ पर दम तोड दिया।











