1001 बहनों ने पूर्व विधायक की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र

झांसी/ओरछा। ओरछा के रायल गार्डन में रक्षा बंधन उत्सव समारोह में सपा के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव राजनैतिक विद्वेष व षड़यंत्रों से किए जा रहे हमलों से दुखी नजर आए। उन्होंने कहा कि उन्हें दो बार जेल भेजा गया, तीसरी बार भी बड़ा प्रहार हुआ, षड़यंत्रों ने दो बार हरा दिया। तमाम परिस्थितियां ख़राब हैं, हालत ठीक नहीं हैं फिर भी बहनें निराश न हों इसलिए यह आयोजन किया गया है कि जो होगा देखा जायेगा।
उन्होंने कहा कि उन पर हजारों बहनों का आशीर्वाद है इसलिए यह राजनीतिक हमले उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे। उन्होंने कहा कि बहनें घबराएं नहीं यह राजनीतिक हमले हैं, उनका भाई कहीं से कमजोर नहीं है, उनका भाई अभी जिंदा है और हमेशा उनके लिए खड़ा रहेगा।
पूर्व विधायक के पुत्र दीपांकर यादव मून के द्वारा रक्षा बंधन की दूज पर आयोजित समारोह में बुंदेलखंड के विविध अंचलों से आईं एक हजार एक बहनों ने पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव की कलाई पर रक्षा सूत्र बांध कर उन्हें आशीर्वाद दिया। इस दौरान पूर्व विधायक ने सभी बहनों को उपहार भेंट किए।
गौरतलब है कि पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित कर बुंदेलखंड में एक हजार एक बहनों के हाथ पीले कर चुके है। इन्हीं बहनों से वह हर वर्ष पिछले दस सालों से अपनी कलाई पर राखी बंधवाते चले आ रहे है।
समारोह में मुख्य अतिथि डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव, विशिष्ट अतिथि सिद्धेश्वर मंदिर के पीठाधीश पंडित हरिओम पाठक, पूर्व मंत्री रतन लाल अहिरवार, यादवेंद्र सिंह यादव, असफान सिद्दीकी, चंद्र प्रकाश मिश्रा सहित महिला सभा की पदाधिकारी प्रियंका गुप्ता, गीता साहू, सहित समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।














