झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मण्डल पर सतर्कता जागरुकता सप्ताह के अंतर्गत आज सेमीनार का आयोजन आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में किया गया। इसमें सतर्कता विभाग उत्तर मध्य रेल इलाहाबाद से अंकुर चन्द्रा उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (स्टोर) एवं सुशील यादव उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (इंजी) ने मंडल के समस्त अधिकारियों को सतर्कता से संबंधित विषयों की जानकारी दी। संगोष्ठी में रेलवे की कार्य प्रणाली में पारदर्शिता जबावदेही एवं उत्तरदायित्व लाने पर बल दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न अधिकारियों द्वारा सतर्कता जागरुकता से सम्बंधित समस्याओं व उनके निवारण की जानकारी को केस स्टडीज के रूप में प्रस्तुत किया गया एवं रेल अधिकारियों की सतर्कता सम्बंधी जिज्ञासाओं का भी समाधान किया गया। संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी उल्लास कुमार ने किया। अपर मंडल रेल प्रबंधक अमित सेंगर ने आभार व्यक्त किया।