विधायक राजीव सिंह पारीछा ने तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का किया आह्वान
झांसी। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और राजनीतिक गतिविधियों के बीच बबीना विधानसभा कार्यालय में पाल समाज की बैठक में बबीना विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से पाल समाज के गणमान्य व्यक्तियों, वरिष्ठजनों एवं समाज के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में सामाजिक एकजुटता, महापुरुषों के सम्मान, कानून-व्यवस्था, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा प्रदेश के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने पाल समाज के लोगों से संवाद किया और आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में एकजुट होकर कार्य करने तथा प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने के लिए सहयोग का आह्वान किया।
महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक राजीव सिंह पारीछा ने भारत माता, लोकमाता अहिल्याबाई होलकर, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया। इसके उपरांत मंचासीन पाल समाज के सभी गणमान्य व्यक्तियों को लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन की शुरुआत विधायक जी ने ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ की। उन्होंने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के जीवन, उनके सामाजिक योगदान, सुशासन और जनकल्याणकारी कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के सम्मान को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाना आवश्यक है।
कानून-व्यवस्था और माफियावाद के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
अपने संबोधन में विधायक ने प्रयागराज के उमेश पाल हत्याकांड का उल्लेख करते हुए उत्तर प्रदेश की पूर्ववर्ती सपा सरकार के कार्यकाल की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने पूर्व में अपराध, गुंडागर्दी और माफियावाद से जुड़ी घटनाओं को देखा है। इसके विपरीत वर्तमान भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करने को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के विधानसभा में दिए गए उस चर्चित वक्तव्य का भी स्मरण कराया, जिसमें उन्होंने माफियाओं को मिट्टी में मिला देने की बात कही थी। विधायक जी ने कहा कि सरकार की मंशा कानून का शासन स्थापित करने और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने की रही है।
डबल इंजन सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख
विधायक श्री राजीव सिंह पारीछा ने केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विकास, बुनियादी सुविधाओं, गरीब कल्याण, सामाजिक सुरक्षा तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों पर सरकार के प्रयासों की चर्चा की।
तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का किया आह्वान
बैठक के समापन पर विधायक जी ने बबीना विधानसभा क्षेत्र के सभी पाल समाज के लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में समर्थन जुटाने और प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनाने के लिए सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने सामाजिक संवाद, आपसी समन्वय और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर निरंतर संपर्क बनाए रखने की बात कही।
मंचासीन रहे समाज के गणमान्य व्यक्ति एवं कार्यकर्त्ता
बैठक में मंचासीन प्रमुख व्यक्तियों में किशोरी पाल, ओमप्रकाश पाल, बहादुर पाल, कालीचरण पाल, छोटेलाल पाल (पूर्व प्रधान), रोशन पाल (गुलारा), ठाकुरदास पाल (पुनावली), मनीष पाल, राघवेन्द्र पाल (बरौल), रूप सिंह पाल (पुनावली), राममिलन पाल, विजयी दाऊ (बंगरा), वैदेही (मास्टर), कालीचरण (भरतपुरा), कोमल पाल (बरगढ़), आत्माराम पाल (गढ़मऊ), वीरेन्द्र पाल (गढ़मऊ), राजेन्द्र पाल (डोमागोर), भगवान सिंह (अठौंदना), कल्ला (हस्तिनापुर), चन्द्रपाल (कल्यानपुरा), जुगल पाल (जरवों) एवं गुलाब पाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन बलवीर पाल (बड़ौरा) ने किया। आभार प्रदर्शन राजेश पाल, मंडल अध्यक्ष भाजपा, बबीना ग्रामीण द्वारा किया गया। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों एवं समाज के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।














