• आयुक्त व डीएम को सौंपी जिम्मेदारी, लखनऊ प्रदर्शन से रोकें
    झांसी। राजस्व परिषद बीसी कक्ष से अध्यक्ष राजस्व परिषद उत्तर प्रदेश दीपक कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के समस्त मंडल आयुक्त एवं जिलाधिकारियों को साफ और स्पष्ट शब्दों में कहा कि हर हाल में लेखपाल काम पर वापस आएं, उनसे वार्ता करें और बताएं कि शासन स्तर पर उच्च अधिकारियों से वार्ता हो गई और लगभग सभी मांगे शासन ने मान ली हैं। काम पर वापस आने वाली लेखपाल शरारती तत्वों के बहकावे में ना आएं जो लेखपाल वापस काम पर आते हैं और यदि उनके विरुद्ध कोई कार्रवाई की जा चुकी है तो सहानुभूति पूर्वक उस कार्यवाही को वापस लिया जाएगा। मंडल व जिला स्तर पर ऐसी रणनीति बनाते हुए कार्रवाई करें कि लेखपाल काम पर वापस आ जाएं।
    अध्यक्ष राजस्व परिषद कहा कि लेखपालों से आयुक्त व जिलाधिकारी अपने स्तर से वार्ता करें और शासन द्वारा लेखपाल हित में किए गए कार्यों की जानकारी दें क्योंकि आप ज्यादा बेहतर ढंग से प्रभावशाली कार्रवाई कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ढाई वर्षों में लेखपालों की वृद्धि और उनके पसंद जनपद में स्थानांतरण की सुविधा दी गई जो पहले कभी नहीं दी गई। शासन स्तर पर उच्च अधिकारियों के साथ लेखपाल संघ के पदाधिकारियों की लगातार वार्ता हो रही है यह बात कि उनकी बात नहीं सुनी जा रही यह पूर्ण असत्य है। उन्होंने कहा कि 27 दिसंबर को लेखपालों द्वारा लखनऊ में धरना प्रदर्शन कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिलाधिकारी लेखपालों से वार्ता कर समझाएं कि धरना प्रदर्शन में ना जाएं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के समस्त लेखपालों को काम पर वापस लाए जाने हेतु अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली और कहा कि उच्च स्तर पर भी लेखपालों के बहिष्कार की समीक्षा की जा रही है। इस अवसर पर एनआईसी झांसी में मंडलायुक्त सुभाष चंद शर्मा, जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी, अपर आयुक्त सर्वेश कुमार दीक्षित, अपर जिलाधिकारी प्रशासन बी प्रसाद आदि उपस्थित रहे