सतर्कता से सुरक्षा, समर्पण से सेवा — खैरार–इचौली खंड में रेल संरक्षा का उत्कृष्ट उदाहरण
झांसी। भारतीय रेल द्वारा झांसी रेल मंडल के ट्रैक मेंटेनर पर्वत को अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार प्रदान किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा प्रदान किया गया। पर्वत को खैरार–इचौली खंड में अंडरपास निर्माण कार्य के दौरान उनके उत्कृष्ट, सतर्क एवं समर्पित सेवा कार्य के लिए से सम्मानित किया गया।
पुरस्कार से सम्मानित श्री पर्वत ने ड्यूटी के दौरान मालगाड़ी के गुजरते समय ट्रैक में उत्पन्न एक असामान्य स्थिति को अत्यंत सतर्कता के साथ तुरंत चिन्हित किया और बिना विलंब संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी। उनकी समय पर दी गई जानकारी के आधार पर मौके पर तत्काल निरीक्षण कराया गया तथा आवश्यक गति सीमा निर्धारित की गई।
समय रहते की गई इस कार्रवाई से सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित हुआ और किसी भी संभावित अप्रिय घटना को टालने में सफलता मिली। श्री पर्वत की सजगता और कर्तव्यनिष्ठा ने यह सिद्ध किया कि प्रत्येक रेलकर्मी की जिम्मेदारी और सतर्कता रेल संरक्षा की मजबूत आधार शिला है।
झांसी रेल मंडल प्रशासन ने श्री पर्वत के इस अनुकरणीय कार्य की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान भारतीय रेल की सुरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। मंडल द्वारा उन्हें इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।













