तेज गति से विकास के थे पक्षधर-मनीराम कुशवाहा

झांसी। कांग्रेस जनों ने तेजतर्रार नेता संजय गांधी की पुण्यतिथि मनाई।इस अवसर पर भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने उनको श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि संजय गांधी राजनीति में युवाओं के प्रेरणा स्रोत थे। वह ऐसे युवा नेता थे जिन्होंने देश के विकास को तेज गति से आगे बढ़ाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए। 25 वर्ष की उम्र में मारुति मोटर्स लिमिटेड के डायरेक्टर बने और मारुति कार भारत में आई। इसके अलावा उन्होंने पर्यावरण के संरक्षण के लिए युवाओं को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया तथा जरूरतमंदों को स्वास्थ्य लाभ दिलाए जाने के लिए रक्तदान जैसे कार्यक्रमों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने देश की प्रधानमंत्री और अपनी मां श्रीमती इंदिरा गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर देश के विकास के लिए अभूतपूर्व सहयोग दिया। उन्होंने युवाओं को राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य मनीराम कुशवाहा ने युवा नेता संजय गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने देश की आबादी को नियंत्रण करने के लिए आपातकाल के दौरान अपनी अहम भूमिका का निर्वहन किया। इसके अलावा उन्होंने राजनीति में गंदगी और विकृति को मिटाने के लिए जोरदार पहल की तथा जनता के बीच काम करने वाले लोगों को आगे लाकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी। उनके समय भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाता था। संजय गांधी तेज गति से विकास के पक्षधर थे। सरकार आज जिस स्मार्ट सिटी की बात करती है, उस की परिकल्पना संजय गांधी जी ने 50 वर्ष पूर्व की थी और दिल्ली में अनावश्यक अतिक्रमण को हटा कर विकास की नई झलक प्रस्तुत की थी। विपक्षियों के तमाम विरोध के बाद भी वे अपने लक्ष्यों के प्रति दृढ़ संकल्पित रहते थे। इस अवसर पर रघुराज शर्मा, पूर्व जिला महासचिव अमीरचंद आर्य, एनएसयूआई के बुंदेलखंड उपाध्यक्ष अभिषेक प्रताप, मुकुट बिहारी मिश्रा, अखलाक मकरानी, सौरव साहू, आकाश दुबे, बृजेंद्र अहिरवार, ओमप्रकाश बुंदेला, अनिल कुशवाह आदि उपस्थित रहे।