झांसी। उमरे के झांसी मंडल मुख्यालय में कोरोना वायरस के संक्रमण से प्रभावित कर्मचारियों के सम्पर्क में आए विविध विभागों के 52 कर्मियों के नमूनों का संग्रह मंगलवार को किया गया है। यह पहला मौका है जब नमूने मण्डलीय रेल अस्पताल में संग्रहीत किए गए हैं।

गौरतलब है कि झांसी मंडल मुख्यालय पर स्थित मंडलीय रेल अस्पताल में कोविड 19 का एल-1 वार्ड के रूप में अधिग्रहीत किया गया है, किंतु इसमें अभी तक किसी संक्रमित को भर्ती नहीं किया गया है। इधर, पिछले कुछ दिनों से मंडल मुख्यालय में सीनियर डीईई आफिस, पर्सनल विभाग, पार्सल कार्यालय, डीजल लोको शेड, सीटीआई डिटेल कार्यालय, सीनियर डीओएम कार्यालय में कोरोना पाज़िटिव के मामले प्रकाश में आए हैं। इसके कारण संक्रमितों के सम्पर्क में आए स्टाफ की सूची तैयार कर उनका परीक्षण व होम क्वारंटीन कराया जा रहा है। इसी क्रम में डीजल लोको शेड, पार्सल कार्यालय के अलावा रेलवे अस्पताल के 52 उन कर्मचारियों को मंगलवार को नमूना संग्रह के लिए रेलवे अस्पताल बुलाया गया था। इन कर्मचारियों के नमूने संग्रह किये गये। यह प्रक्रिया दोपहर एक बजे तक चलती रही। अब बकाया चिन्हित कर्मचारियों के नमूने लिए जाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।