झांसी। जनपद के थाना बरुआसागर क्षेत्र के राजमार्ग किनारे स्थित बनगुवां के जंगल में अज्ञात महिला का सिर कुचला शव मिलने से सनसनी मच गयी है। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर जांच पड़ताल निरीक्षण कर सुराग लगाने की कोशिश की। एसपी सिटी राहुल श्रीवास्तव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी हासिल की। उन्होंने संभावना व्यक्त की है कि मृतका सीमावर्ती मध्य प्रदेश के क्षेत्रों की हो सकती है। मृतका की शिनाख्त के बाद हत्या से पर्दाफाश हो सकता है।

बरुआसागर थाना क्षेत्र के ग्राम बनगुवां के वन विभाग की नर्सरी है। नर्सरी के निकट लगभग 35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव पड़ा देख कर वन दरोगा रौनक अली के द्वारा सूचना बरुआसागर थाना पुलिस को दी गई। मौक़े पर बरुआसागर थाना प्रभारी सुनील कुमार सहित पुलिस बल पहुंच गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी राहुल श्रीवास्तव व सीओ टहरौली विवेक कुमार ने घटना स्थल का निरीक्षण कर फोरेंसिक टीम के द्वारा जाँच कराई गई। पुलिस के अनुसार मृतक महिला का सिर कुचला और गर्दन में कटने का घाव है। महिला के हांथ पर राजा सिंह रानी गुदा हुआ है। काफी प्रयास के बाद भी शव की शिनाख्त तो नहीं हो पायी। पुलिस ने मामले को पंजीकृत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्यवाही आरम्भ कर दी है।