अधूरी प्रेम कहानी : एक ही रस्सी के दो फंदों से लटके मिले अलग-अलग धर्म के युगल के शव 

0
415

झांसी। जिले में चिरगांव थाना क्षेत्र के पट्टी कुम्हार ग्राम में शनिवार तड़के एक प्रेम कहानी का ऐसा अंत हुआ की हड़कंप मच गया। दो धर्म के प्रेमी युगल के शव पेड़ से एक ही रस्सी के दो फंदों से लटके हुए सवाल खड़े कर रहे थे।

मृतका की पहचान मुस्कान पुत्री हरिराम पाल (18 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि मृत युवक रियाजुल पुत्र राज मोहम्मद (20 वर्ष) बताया गया है। रियाजुल पेशे से लोडर वाहन चालक था। दोनों के घर एक-दूसरे के पड़ोस में बताए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार, मुस्कान की एक दिन पहले ही सगाई हुई थी और उसकी शादी आगामी 9 अप्रैल को तय थी। घटना के समय मृतका की मांग भरी हुई थी और उसने पैरों में बिछिया पहन रखी थी, जिससे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

मृतका के पिता हरिराम पाल ने बताया कि उन्हें बेटी के किसी भी प्रेम-प्रसंग की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि परिवार को इस तरह की किसी घटना का कोई पूर्व आभास नहीं था। वहीं युवक के परिजनों ने भी दोनों के बीच किसी संबंध से इनकार किया है लेकिन दोनों के शव एक ही रस्सी से लटके मिलना साथ ही मुस्कान की मांग में सिन्दूर और पैरों में बिछिया का होना अधूरी प्रेम कहानी बयां कर रहा है।

पेड़ की डाल से एक ही रस्सी के दोनों छोर के फंदों से लटके युवक युवती के शवों से स्पष्ट है कि लड़की की शादी तय हो जाने पर दोनों ने मौत को गले लगा लिया। हालांकि युवक और युवती अलग अलग सम्प्रदाय से होने के कारण जहां ग्रामीण भी पूरे मामले में कुछ भी खुलकर कहने से बच रहे हैं वहीं दोनों के परिजन भी इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here