प्रयागराज | ऑपरेशन सतर्क के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं जीआरपी प्रयागराज द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन से अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से लगभग ₹60,000 कीमत की अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद की गई।
उक्त कार्रवाई निरीक्षक आरपीएफ प्रयागराज पोस्ट अमित कुमार मीणा एवं निरीक्षक जीआरपी अकलेश सिंह के निर्देशन में स्टेशन परिसर में गश्त एवं सघन चेकिंग के दौरान की गई। संदिग्ध अवस्था में पकड़े गए दोनों व्यक्तियों से पूछताछ करने पर कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। उन्होंने अपना नाम अजय कुमार (22 वर्ष) एवं आकाश कुमार (22 वर्ष) निवासी गोविंदपुर नया टोला, थाना फतुहा, जिला पटना (बिहार) बताया।
तलाशी के दौरान अजय कुमार के कब्जे से स्लेटी/काले रंग के बैग में 19 बोतल रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब (प्रत्येक 750 एमएल) तथा ₹120/- नकद बरामद किए गए। वहीं अभियुक्त आकाश कुमार के कब्जे से नीले रंग के बैग में 18 बोतल रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब (प्रत्येक 750 एमएल) तथा ₹210/- नकद बरामद हुए।
बरामद अवैध शराब की अनुमानित कुल कीमत लगभग ₹60,000/- आँकी गई है। उक्त दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना जीआरपी प्रयागराज पर धारा 60 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही की गई।
संयुक्त कार्रवाई करने वाली टीम
निरीक्षक राजेश कुमार – RPSF, CC-10 BN, ‘D’ कंपनी
सहायक उप निरीक्षक अतुल कुमार सिंह
कांस्टेबल दिनेश राय – रेलवे सुरक्षा बल, पोस्ट प्रयागराज
उप निरीक्षक राजेश कुमार वर्मा – थाना जीआरपी प्रयागराज (हमराह स्टाफ)














